भूपेश बघेल के काफिले पर हमले को लेकर बोले मंत्री श्याम बिहारी, ‘गुटीय राजनीति का नतीजा हो सकता है’

रायपुर। असम के नगांव में कांग्रेस नेताओं के काफिले पर पथराव की घटना को लेकर छत्तीसगढ़ में भी सियासत गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के काफिले को लेकर सामने आई घटना पर छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने प्रतिक्रिया दी है।
मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि भूपेश बघेल छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रह चुके हैं और इस घड़ी में हम उनके साथ हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति के साथ ऐसी घटना नहीं होनी चाहिए।हालांकि, मंत्री ने इस घटना के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराए जाने पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि असम में सामने आई यह घटना वहां की गुटीय राजनीति का परिणाम भी हो सकती है। ऐसे में बिना पूरी जांच और तथ्य सामने आए भाजपा को इसके लिए जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है।
जायसवाल ने कहा कि घटना को लेकर भाजपा पर सीधे आरोप लगाना निंदनीय है। उन्होंने भूपेश बघेल के बयानों को लेकर कहा कि वे पूर्वाग्रह से ग्रसित होकर बयान दे रहे हैं।
बता दें कि असम के नगांव में चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस नेताओं के काफिले पर पथराव की घटना सामने आई थी। कांग्रेस की ओर से भाजपा समर्थकों पर आरोप लगाए गए हैं। घटना के बाद राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।


