
रायपुर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित नारी शक्ति महासम्मेलन में हजारों की संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नारी शक्ति वंदन अधिनियम के प्रति जागरूकता और समर्थन को मजबूत करना रहा।
महिलाओं के सम्मान में ऐतिहासिक पहल – मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने संबोधन में कहा कि 21वीं सदी में महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में यह एक ऐतिहासिक कदम है। उन्होंने बताया कि संसद में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित किया जा रहा है, जो देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को और मजबूत करेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में महिलाओं के सम्मान और सशक्तिकरण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की गई हैं, जिनमें बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, सुकन्या समृद्धि योजना और नारी शक्ति वंदन अधिनियम प्रमुख हैं। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने उपस्थित मातृशक्ति पर पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन भी किया।
2029 तक मिलेगा आरक्षण का लाभ – सरोज पांडेय
भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम एक क्रांतिकारी कदम है, जो 2023 में पारित हुआ। उन्होंने बताया कि 2029 तक लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में महिलाओं की भागीदारी अत्यंत आवश्यक है और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाएं महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बना रही हैं।
लोकतांत्रिक यात्रा में निर्णायक कदम – लक्ष्मी राजवाड़े
महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि यह अधिनियम केवल एक कानून नहीं, बल्कि करोड़ों महिलाओं के संघर्ष और योगदान का सम्मान है। उन्होंने इसे महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने और देश को विकसित बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम बताया।
कार्यक्रम में दिखा उत्साह और अपनत्व: कार्यक्रम में महिलाओं का उत्साह देखते ही बनता था। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सहजता से महिलाओं के साथ सेल्फी लेकर अपनत्व का संदेश दिया, जो कार्यक्रम का आकर्षण बना रहा।
कार्यक्रम का संचालन महापौर मीनल चौबे ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन सांसद रूप कुमारी चौधरी द्वारा किया गया। इस अवसर पर कई सामाजिक एवं सांस्कृतिक क्षेत्र की महिला विभूतियां भी उपस्थित रहीं।
दर्शक दीर्घा में बैठकर दिया सम्मान: विशेष रूप से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दर्शक दीर्घा में बैठकर महिलाओं के सम्मान का संदेश दिया। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव, उप मुख्यमंत्री अरुण साव सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बाइक रैली और पदयात्रा से जताया आभार
कार्यक्रम से पूर्व महिला मोर्चा द्वारा राजधानी रायपुर में बाइक एवं स्कूटी रैली निकाली गई, जो आजाद चौक से प्रारंभ होकर ऑडिटोरियम में समाप्त हुई। कार्यक्रम के बाद महिलाओं ने पदयात्रा निकालकर नारी शक्ति वंदन अधिनियम के लिए प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।




