पॉवर कंपनीज से आईएएस डॉ रोहित यादव को विदाई… सभी एमडी बोले- उनके मार्गदर्शन में मिलीं कई उपलब्धियां

रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज मुख्यालय सेवाभवन में पूर्व चेयरमैन डॉ. रोहित यादव को स्टेट पावर जनरेशन एवं डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के अध्यक्ष पद से भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर पावर कंपनी की ओर से प्रबंध निदेशकों ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
डॉ. रोहित यादव ने अपने संबोधन में कहा कि भारतीय प्रशासनिक सेवा में रहते हुए उन्हें राज्य शासन और केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों में दायित्व निभाने का अवसर मिला, लेकिन पावर कंपनीज में कार्य करने का अनुभव अलग और विशेष रहा। उन्होंने कहा कि यहां के अधिकारी-कर्मचारियों की लगन, समर्पण और निष्ठा अत्यंत सराहनीय है।
कार्यक्रम में पावर कंपनीज के प्रबंध निदेशक एस.के. कटियार, राजेश कुमार शुक्ला एवं भीमसिंह कंवर ने कहा कि डॉ. यादव के मार्गदर्शन में पावर कंपनी ने कई महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, स्मार्ट मीटर परियोजना सहित विभिन्न योजनाओं में उल्लेखनीय प्रगति हुई। साथ ही कार्यालयों में ई-ऑफिस और बायोमेट्रिक अटेंडेंस प्रणाली को तेज गति से लागू किया गया। मैदानी स्तर की कठिनाइयों को समझते हुए योजनाओं में आवश्यक प्रावधान किए गए, जिससे निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने में सफलता मिली।
कार्यक्रम में बताया गया कि केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण ने जनरेशन कंपनी को 76.44 प्रतिशत पीएलएफ के साथ देशभर में विद्युत उत्पादन के लिए तीसरा स्थान प्रदान किया है। वहीं उपभोक्ता सेवाओं में सुधार के प्रयासों के चलते डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी की रैंकिंग “बी” से बढ़कर “ए” श्रेणी में पहुंची।
इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक वी.के. साय, के.एस. मनोठिया, संजय पटेल, एम.एस. चौहान, संदीप मोदी, एस.के. ठाकुर, एम.एस. कंवर, सी.एल. नेताम, संजय खंडेलवाल, एम. जामुलकर, संजीव सिंह, रश्मि वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन प्रबंधक (जनसंपर्क) गोविंद पटेल ने किया।




