Petrol Diesel Price Hike: पेट्रोल-डीजल और महंगाई के खिलाफ कांग्रेस करेगी बड़ा प्रदर्शन, PCC चीफ दीपक बैज का ऐलान

रायपुर। प्रदेश में बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल की कीमतों और आवश्यक वस्तुओं के दामों में लगातार हो रही बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस अब बड़ा आंदोलन करने की तैयारी में है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष Deepak Baij ने पेट्रोल, डीजल और महंगाई के मुद्दे पर प्रदेशव्यापी प्रदर्शन का ऐलान किया है।
बताया जा रहा है कि आज आयोजित प्रदेश कांग्रेस कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक में आंदोलन की तारीखों की घोषणा की जाएगी। साथ ही चरणबद्ध आंदोलन की पूरी रूपरेखा भी तय होगी। कांग्रेस संगठन की ओर से प्रदेश के सभी जिला अध्यक्षों और ब्लॉक अध्यक्षों को आंदोलन को लेकर विशेष निर्देश जारी किए जाएंगे।
पीसीसी चीफ Deepak Baij ने आरोप लगाया कि प्रदेश में 70 से 80 प्रतिशत पेट्रोल पंप सूख चुके हैं और आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल के साथ खाद, तेल और उर्वरकों के दाम भी लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है।
बैज ने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि “सुई से लेकर हवाई किराया तक हर चीज महंगी हो चुकी है। महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है, लेकिन सरकार जनता की परेशानियों को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रही है।”
कांग्रेस का कहना है कि आने वाले दिनों में सड़क से लेकर जिला मुख्यालय तक विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे और जनता के मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा जाएगा। पार्टी इस आंदोलन को बड़े जनअभियान के रूप में चलाने की तैयारी में है।




