डिप्टी सीएम अरुण साव ने किया ईस्टर्न स्लैम 2026 के आधिकारिक लोगो का अनावरण

22 से 27 जून तक रायपुर में होगा अंतरराष्ट्रीय स्क्वैश महाकुंभ, 3 देशों और 21 राज्यों के 349 खिलाड़ी लेंगे हिस्सा
रायपुर। छत्तीसगढ़ में स्क्वैश खेल को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए प्रदेश के उपमुख्यमंत्री Arun Sao ने प्रतिष्ठित ईस्टर्न स्लैम 2026 के आधिकारिक लोगो का अनावरण किया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ स्क्वैश एसोसिएशन के वरिष्ठ पदाधिकारी डॉ. विष्णु कुमार श्रीवास्तव, उज्ज्वल दीपक एवं राहुल साहू उपस्थित रहे।

ईस्टर्न स्लैम 2026 का आयोजन 22 जून से 27 जून 2026 तक Squash Complex Budhapara में किया जाएगा। यह प्रतियोगिता Squash Rackets Federation of India की 5-स्टार रैंकिंग प्रतियोगिता है तथा इसे Asian Squash Federation और Professional Squash Association से भी मान्यता प्राप्त है।प्रतियोगिता में 3 देशों तथा भारत के 21 राज्यों से कुल 349 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। टूर्नामेंट के लिए 2000 अमेरिकी डॉलर की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है, जिससे यह आयोजन देश के प्रमुख स्क्वैश टूर्नामेंटों में शामिल हो गया है।
लोगो अनावरण के अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि छत्तीसगढ़ लगातार राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों का केंद्र बनता जा रहा है। ईस्टर्न स्लैम 2026 जैसे प्रतिष्ठित आयोजन राज्य के खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रतिस्पर्धा का अनुभव प्रदान करेंगे और प्रदेश में खेल संस्कृति को नई मजबूती देंगे।
छत्तीसगढ़ स्क्वैश एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रतियोगिता की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। देश-विदेश से आने वाले खिलाड़ियों के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि यह आयोजन न केवल प्रदेश के खिलाड़ियों को लाभान्वित करेगा, बल्कि छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर एक नई पहचान भी दिलाएगा।




