महिलाओं और बच्चों के लिए राजेश मूणत का बड़ा उपहार, महतारी सदन और पहला महिला योग सेंटर का लोकार्पण

रायपुर पश्चिम में 1.20 करोड़ के कार्यों का लोकार्पण और 2.06 करोड़ के कार्यों का भूमिपूजन
रायपुर। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए वरिष्ठ भाजपा विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत ने रविवार को रायपुरा स्थित विप्र नगर में महिलाओं और बच्चों को समर्पित महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी परियोजनाओं का लोकार्पण किया। लगभग 1.20 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित महतारी सदन (आंगनबाड़ी केंद्र), महिला योग भवन एवं जुंबा सेंटर का शुभारंभ किया गया।

विप्र नगर में 80 लाख रुपये की लागत से निर्मित आधुनिक महतारी सदन एवं 40 लाख रुपये की लागत से तैयार महिला योग भवन एवं जुंबा सेंटर क्षेत्र की महिलाओं और बच्चों के लिए नई सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे। इसके साथ ही विधायक मूणत ने क्षेत्र में 2.06 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया।


इस अवसर पर मुख्य अतिथि रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि यह पहल केवल भवन निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के कमजोर वर्गों को सशक्त बनाने का एक प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि महिलाओं और बच्चों के लिए तैयार की गई यह आधुनिक सुविधा नगरीय विकास का एक अनुकरणीय मॉडल है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विधायक राजेश मूणत ने कहा कि विकास का वास्तविक उद्देश्य लोगों के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव लाना है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के स्वास्थ्य, बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा और सामाजिक सशक्तिकरण को ध्यान में रखकर इन सुविधाओं का निर्माण किया गया है।उन्होंने बताया कि आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यमवर्गीय परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आधुनिक आंगनबाड़ी केंद्र एवं प्ले स्कूल विकसित किया गया है। वहीं महिलाओं के स्वास्थ्य और फिटनेस को बढ़ावा देने के लिए महिला योग भवन एवं जुंबा सेंटर की स्थापना की गई है। परिसर के बेहतर संचालन एवं प्रबंधन के लिए इसे महाराष्ट्र मंडल को सौंपने की तैयारी की जा रही है।
महापौर मीनल चौबे ने कहा कि विप्र नगर में स्थापित यह सर्वसुविधायुक्त परिसर महिलाओं एवं बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और आने वाले समय में क्षेत्र के लिए एक आदर्श केंद्र के रूप में स्थापित होगा।
विकास का अर्थ केवल भवन निर्माण नहीं, बल्कि ऐसी सुविधाएं तैयार करना है जो समाज के अंतिम व्यक्ति तक सकारात्मक बदलाव पहुंचाएं। महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है – राजेश मूणत, वरिष्ठ विधायक एवं पूर्व मंत्री
विकास का अर्थ केवल भवन निर्माण नहीं, बल्कि ऐसी सुविधाएं तैयार करना है जो समाज के अंतिम व्यक्ति तक सकारात्मक बदलाव पहुंचाएं। महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और बच्चों को गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है – राजेश मूणत, वरिष्ठ विधायक एवं पूर्व मंत्री



