रायपुर: 5 स्टार होटलों को निशाना बनाने वाला अंतरराज्यीय ठग गिरफ्तार, 300 से अधिक होटलों में कर चुका है ठगी

रायपुर। राजधानी रायपुर की क्राइम ब्रांच और तेलीबांधा थाना पुलिस ने 5 स्टार होटलों में ठगी और चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक अंतरराज्यीय शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान विन्सेंट जॉन के रूप में हुई है, जिसे भुवनेश्वर (ओडिशा) से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी देशभर के 300 से अधिक 5 स्टार होटलों में ठगी और चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुका है। रायपुर के होटल हयात में बिना बिल का भुगतान किए होटल का लैपटॉप लेकर फरार होने के मामले में उसकी तलाश की जा रही थी।
जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ मेट्रोपॉलिटन शहरों सहित 10 से अधिक राज्यों में एफआईआर दर्ज हैं। वह तिहाड़ जेल सहित देश के विभिन्न राज्यों की जेलों में करीब 15 वर्ष तक बंद रह चुका है।पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपी खुद को विदेशी गाइड, इंग्लिश टीचर और योगा टीचर बताकर महंगे होटलों में ठहरता था और फिर ठगी की वारदात को अंजाम देता था। आरोपी मूल रूप से तमिलनाडु का निवासी है.
पुलिस के अनुसार आरोपी वर्ष 1996 में पहली बार तिहाड़ जेल गया था। वहीं वर्ष 1990 से उसने अपने जीवन का अधिकांश समय देश के विभिन्न राज्यों की जेलों और महंगे होटलों में बिताया है।पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक लैपटॉप भी बरामद किया है। क्राइम ब्रांच ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामला तेलीबांधा थाना क्षेत्र का है।



