छत्तीसगढ़

CG BIG NEWS: कलश वंदन कार्यक्रम में CM साय की बड़ी घोषणा: संत रविदास जयंती पर सार्वजनिक अवकाश और राज्य अलंकरण पुरस्कार देने का ऐलान

रायपुर। संत रविदास जयंती की तैयारियों को लेकर कलश वंदन अभियान कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सामाजिक समरसता, समानता और संत परंपरा के सम्मान को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि संत शिरोमणि रविदास के विचार आज भी समाज को एकता, समानता और मानवता का संदेश देते हैं। उनकी शिक्षाएं नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत हैं और राज्य सरकार उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अब से संत रविदास जयंती के अवसर पर माघी पूर्णिमा के दिन पूरे छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। उन्होंने कहा कि यह निर्णय संत रविदास के प्रति प्रदेशवासियों की आस्था और सम्मान को समर्पित है।

मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि संत रविदास के नाम पर राज्य अलंकरण पुरस्कार स्थापित किया जाएगा। इस पुरस्कार के माध्यम से समाज में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा नया रायपुर में एक प्रमुख चौक का नाम संत रविदास के नाम पर रखा जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके विचारों और समाज सुधार के योगदान को सदैव स्मरण रखें।

मुख्यमंत्री ने एक और महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा परिसर में संत रविदास का संदेश अंकित कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि विधानसभा लोकतंत्र का सर्वोच्च मंदिर है और वहां संत रविदास के समानता एवं सामाजिक न्याय के संदेश को स्थान देना पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात होगी।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि संत रविदास ने जाति-पांति और भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता, प्रेम और समरसता का मार्ग दिखाया। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को जोड़ने और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने का कार्य कर रही हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से संत रविदास के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और समरस समाज के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search