
रायपुर। राजधानी रायपुर में सोशल मीडिया पर भगवान शिव को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक धार्मिक टिप्पणी के मामले में पुलिस ने क्रिश्चियन फोरम के प्रदेश अध्यक्ष अरुण पन्नालाल को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद बजरंग दल और अन्य हिंदू संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया।
पुलिस के मुताबिक, फेसबुक पर हंसराज गोयल नामक व्यक्ति की पोस्ट पर अरुण पन्नालाल की आईडी से भगवान शिव को लेकर टिप्पणी की गई थी। भाजपा और हिंदू संगठनों ने आरोप लगाया कि टिप्पणी के जरिए हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को आहत करने और समाज में वैमनस्य फैलाने का प्रयास किया गया।
घटना की जानकारी शुक्रवार, 7 अगस्त की रात सामने आने के बाद बजरंग दल और अन्य हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता अरुण पन्नालाल के घर के सामने पहुंचे और जमकर नारेबाजी की। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मौके पर भारी बल तैनात किया।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी सहित अन्य कार्यकर्ताओं की लिखित शिकायत पर रायपुर के सिविल लाइंस थाने में एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस ने BNS की धारा 196, 299 और 352(2) के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने शुक्रवार देर रात अरुण पन्नालाल को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार सुबह उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से 21 अगस्त तक न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
वहीं, पुलिस इस मामले में दूसरे आरोपी बताए जा रहे हंसराज गोयल की तलाश कर रही है। मामले को लेकर रायपुर में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।


