छत्तीसगढ़खेल

छत्तीसगढ़ राज्य स्क्वैश चैम्पियनशिप का समापन, सूर्यांश-जिनांश समेत इन खिलाड़ियों ने जीते खिताब

रायपुर में दो दिन चली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में 62 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा, विजेताओं को ट्रॉफी और मेडल से किया गया सम्मानित

रायपुर। बुढ़ापारा स्थित स्क्वैश कॉम्प्लेक्स में आयोजित छत्तीसगढ़ राज्य स्क्वैश चैम्पियनशिप 2026 का रविवार को समापन हो गया। छत्तीसगढ़ स्क्वैश एसोसिएशन के तत्वावधान और स्क्वैश रैकेट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SRFI) के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर से 62 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। दो दिनों तक चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने अलग-अलग आयु वर्गों में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

समापन समारोह में रायपुर के अपर कलेक्टर धनंजय नेताम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने विभिन्न वर्गों के विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, पदक एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया।प्रतियोगिता की खास बात यह रही कि इसमें खिलाड़ियों को SRFI National Ranking के लिए अंक हासिल करने का अवसर भी मिला। ऐसे में खिलाड़ियों के लिए यह प्रतियोगिता केवल राज्य स्तर पर खिताब जीतने तक सीमित नहीं रही, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर अपनी रैंकिंग बेहतर करने के लिहाज से भी महत्वपूर्ण रही।

सूर्यांश ने वेदार्थ को हराकर जीता अंडर-13 खिताब:अंडर-13 बालक वर्ग का फाइनल मुकाबला सूर्यांश और वेदार्थ के बीच खेला गया। दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। अंत में सूर्यांश ने 9-11, 11-8, 12-10, 11-9 के स्कोर से मुकाबला जीतकर विजेता का खिताब अपने नाम किया। वेदार्थ उपविजेता रहे।

योगिता बनीं अंडर-15 बालिका वर्ग की चैंपियन: अंडर-15 बालिका वर्ग में योगिता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विधि को हराया। योगिता ने 11-0, 11-12, 11-1 के स्कोर के साथ फाइनल अपने नाम किया और चैंपियन बनीं। विधि को उपविजेता के खिताब से संतोष करना पड़ा।

पांच गेम तक चला जिनांश और रेयांश का रोमांचक मुकाबला: अंडर-19 बालक वर्ग में जिनांश और रेयांश के बीच जबरदस्त मुकाबला हुआ। दोनों खिलाड़ियों ने पांच गेम तक एक-दूसरे को कड़ी चुनौती दी। आखिरकार जिनांश ने 11-7, 8-11, 11-4, 6-11, 11-7 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम किया।

जैवर्धन ने जीता अंडर-15 बालक वर्ग का खिताब: अंडर-15 बालक वर्ग में जैवर्धन विजेता रहे, जबकि अपूर्व उपविजेता रहे। फाइनल मुकाबले में जैवर्धन ने 11-9, 4-11, 4-11, 2-11 के स्कोर के साथ मुकाबला अपने नाम किया।

अर्चिता ने महिला वर्ग में दिखाया दबदबा: महिला वर्ग के फाइनल में अर्चिता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राखी को एकतरफा मुकाबले में 11-3, 11-1, 11-0 से हराया। जीत के साथ अर्चिता ने महिला वर्ग का खिताब अपने नाम किया।

पुरुष वर्ग में रेयांश चैंपियन: पुरुष वर्ग के फाइनल में रेयांश ने दिव्यम को 11-8, 11-4, 11-9 से हराकर खिताब जीता। मुकाबले में रेयांश ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया और तीन गेम में जीत दर्ज कर पुरुष वर्ग के चैंपियन बने।

खेल से अनुशासन और नेतृत्व की भावना होती है विकसित- नेताम

समापन समारोह में मुख्य अतिथि अपर कलेक्टर धनंजय नेताम ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेल का महत्व सिर्फ जीत और हार तक सीमित नहीं है। खेल खिलाड़ियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और लगातार मेहनत करने की भावना विकसित करता है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में स्क्वैश को लेकर खिलाड़ियों की रुचि बढ़ रही है। इस तरह की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को अपनी क्षमता साबित करने और राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर देती हैं।

राष्ट्रीय स्तर के लिए खिलाड़ियों को तैयार करने पर जोर: छत्तीसगढ़ स्क्वैश एसोसिएशन के उपाध्यक्ष डॉ. मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव देने के साथ उनकी राष्ट्रीय रैंकिंग बेहतर करने का अवसर भी मिलता है। एसोसिएशन का प्रयास है कि प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और प्रतियोगिताओं का मंच उपलब्ध कराया जाए, जिससे वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर सकें।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search