छत्तीसगढ़

बिलासा देवी एयरपोर्ट पर ग्राउंडेड एलाइंस एयर के विमान की तकनीकी जांच जारी, आज अंतिम निरीक्षण होगा

बिलासपुर। बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट के हैंगर में खड़े एलाइंस एयर के क्षतिग्रस्त विमान को लेकर तकनीकी जांच और रिपोर्टिंग का काम तेजी से चल रहा है। 28 अगस्त को दिल्ली से बिलासपुर पहुंची फ्लाइट लैंडिंग के दौरान हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बची थी। इसके बाद से विमान ग्राउंडेड है।

लैंडिंग के दौरान विमान के बाएं हिस्से का टायर अचानक पंचर हो गया था। इसके बाद पायलट को तत्काल इमरजेंसी ब्रेकिंग का सहारा लेना पड़ा। इमरजेंसी ब्रेकिंग के कारण विमान के चारों टायर क्षतिग्रस्त हो गए थे।

घटना के बाद डीजीसीए और एलाइंस एयर के इंजीनियरों की टीम बिलासपुर पहुंची थी। टीम ने विमान का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। अब विमान निर्माता कंपनी एटीआर ने भी दिल्ली से अपने विशेषज्ञ प्रतिनिधि को बिलासपुर भेजा है। प्रतिनिधि ने विमान का प्राथमिक निरीक्षण पूरा कर लिया है और सोमवार को दोबारा अंतिम निरीक्षण किया जाएगा।

निरीक्षण के बाद एटीआर प्रतिनिधि विस्तृत रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को सौंपेंगे। इसमें विमान के क्षतिग्रस्त उपकरणों और बदलने वाले कंपोनेंट्स की सूची तैयार की जाएगी। रिपोर्ट को मंजूरी मिलने के बाद आवश्यक स्पेयर पार्ट्स मंगाए जाएंगे और इसके बाद ही विमान की मरम्मत शुरू हो सकेगी।

बताया जा रहा है कि इस पूरी प्रक्रिया में काफी समय लग सकता है। हादसे के कारण एलाइंस एयर को करीब 3 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान है। वहीं, विमान के अगले करीब 6 महीने तक उड़ान नहीं भर पाने की संभावना जताई जा रही है।

इधर, इस मामले की नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) द्वारा भी जांच की जा रही है। इसकी अंतिम रिपोर्ट आने में लगभग तीन महीने का समय लगने की बात कही जा रही है। फिलहाल एयरपोर्ट पर तकनीकी और कागजी प्रक्रिया जारी है।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search