
दुर्ग/नई दिल्ली। दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को हुए दर्दनाक इमारत हादसे में छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के 20 वर्षीय छात्र युवराज की मौत हो गई। युवराज दिल्ली विश्वविद्यालय के मोतीलाल नेहरू कॉलेज में बीकॉम द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा था।
युवराज सत्य निकेतन स्थित एक बॉयज पीजी में रहकर पढ़ाई करता था। हादसे की खबर जैसे ही उसके परिजनों और परिचितों तक पहुंची, दुर्ग में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
अचानक भरभराकर गिरी पांच मंजिला इमारत
जानकारी के मुताबिक, रविवार को सत्य निकेतन इलाके में एक पांच मंजिला इमारत अचानक भरभराकर ढह गई। हादसे के वक्त इमारत में कई लोग मौजूद थे। इमारत गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा। इसके बाद मलबा हटाने और उसमें फंसे लोगों की तलाश का अभियान शुरू किया गया। इसी दौरान युवराज की मौत की जानकारी सामने आई। युवराज की मौत की खबर से उसके गृह जिले दुर्ग में परिवार और परिचितों के बीच गम का माहौल है।





