छत्तीसगढ़

रायपुर में बच्चों को डराकर जेवर-पैसों की उगाही, पति-पत्नी गिरफ्तार

रायपुर। मोहल्ले में आपका बच्चा किसके साथ खेल रहा है, किसके साथ घूम रहा है और कहां जा रहा है – इन बातों पर अभिभावकों की नजर रखना बेहद जरूरी है। बच्चों की कम उम्र में गलत संगत उन्हें बड़ी परेशानी में डाल सकती है। रायपुर के गुढ़ियारी थाना क्षेत्र से सामने आया एक मामला इसी ओर गंभीर संकेत करता है।

यहां नाबालिग बच्चों को कथित तौर पर डराने-धमकाने और ब्लैकमेल कर उनके घरों से सोने-चांदी के जेवर और नगदी मंगवाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है।

बच्ची को डराकर मंगवाए जेवर

जानकारी के अनुसार, गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के अशोक नगर में 11 वर्षीय नाबालिग अपनी मामी के साथ रहती है। उसके पड़ोस में वंदना साहू अपने पति दीपक साहू के साथ रहती है। आरोप है कि दोनों ने बच्ची को डराया-धमकाया और दबाव बनाकर उसके घर में रखे सोने-चांदी के जेवर मंगवाए।

शिकायत के मुताबिक, 2 सितंबर को बच्ची अपनी नानी का रानीहार भी चोरी-छिपे निकालकर वंदना साहू को दे दिया। आरोप यह भी है कि बच्ची पर दबाव डालकर उससे नगद रकम भी मंगवाई गई।

अन्य बच्चों से भी उगाही का आरोप

पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान यह बात भी सामने आई कि मोहल्ले के अन्य बच्चों को भी कथित तौर पर डराने-धमकाने और उनके माध्यम से पैसे व जेवर हासिल करने की कोशिश की गई।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शिकायत के आधार पर धारा 308(2) और 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया।

पुलिस ने पति-पत्नी को किया गिरफ्तार

नॉर्थ जोन की डिप्टी कमिश्नर दीपमाला कश्यप ने एडीसीपी आदित्य पाण्डेय सहित अन्य अधिकारियों को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने पीड़ित परिवार और नाबालिग से पूछताछ की तथा आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दी।पुलिस ने वंदना साहू और दीपक साहू को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से कथित रूप से उगाही किए गए सोने के कान के टॉप्स और चेन बरामद किए गए हैं।

पूछताछ में दोनों आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार किए जाने की बात पुलिस ने कही है। दोनों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

अभिभावकों के लिए बड़ी सीखयह मामला अभिभावकों के लिए भी चेतावनी है। बच्चों की संगत, उनके साथ उठने-बैठने वाले लोगों और उनकी गतिविधियों पर उम्र के अनुसार नजर रखना जरूरी है। यदि बच्चा अचानक डरा हुआ नजर आए, घर से पैसे या सामान गायब होने लगे अथवा किसी व्यक्ति के दबाव में दिखाई दे, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search