एशियन गेम्स में छत्तीसगढ़ की बेटी का जलवा, संजू देवी की टीम ने जीता गोल्ड; CM साय ने फोन कर दी बधाई

रायपुर। जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल मुकाबले में ईरान को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस ऐतिहासिक जीत में छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की बेटी संजू देवी ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
भारतीय महिला कबड्डी टीम की इस स्वर्णिम सफलता के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संजू देवी से फोन पर आत्मीय बातचीत की और उन्हें जीत की बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने संजू देवी के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि से पूरा छत्तीसगढ़ गौरवान्वित है। उन्होंने कहा कि संजू ने अपनी प्रतिभा, कड़ी मेहनत और खेल कौशल के दम पर राष्ट्रीय टीम में जगह बनाई और अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व कर प्रदेश का नाम रोशन किया।
बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए बनीं प्रेरणा
सीएम साय ने कहा कि संजू देवी की सफलता प्रदेश की उन हजारों बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है, जो खेल के क्षेत्र में आगे बढ़कर देश और प्रदेश का नाम रोशन करने का सपना देखते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर प्रशिक्षण, सुविधाएं और अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार काम कर रही है। प्रयास है कि गांवों, आदिवासी अंचलों और छोटे शहरों की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर मिले।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ ओलिंपिक संघ के महासचिव विक्रम सिसोदिया भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने भारतीय महिला कबड्डी टीम के सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ को भी स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई दी।




