सुकमा के लिए रवाना हुए CM साय, बाढ़ और बारिश से फसल नुकसान पर कहा – सर्वे के बाद मिलेगा मुआवजा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार बारिश के चलते कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। बाढ़ से फसल और मकानों को हुए नुकसान को लेकर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किसानों और प्रभावित परिवारों को राहत का भरोसा दिया है।सुकमा रवाना होने से पहले मीडिया से चर्चा में मुख्यमंत्री ने कहा कि फसल नुकसान का सर्वे कराया जाएगा और सरकार खुद नुकसान का आकलन करेगी। आकलन के बाद नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बारिश के कारण कई जगहों पर बाढ़ की स्थिति बनी है। वे सुकमा में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर प्रभावित लोगों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान फसल और मकानों को हुए नुकसान की जानकारी भी ली जाएगी।
सिंगापुर दौरे पर भी बोले CM साय
मुख्यमंत्री ने अपने आगामी सिंगापुर दौरे को लेकर बताया कि नई उद्योग नीति लागू होने के बाद देश-विदेश में इन्वेस्टर मीट आयोजित की जा रही हैं। इसी कड़ी में वे 4, 5 और 6 अक्टूबर को सिंगापुर प्रवास पर रहेंगे।दौरे के दौरान छत्तीसगढ़ में निवेश और औद्योगिक संभावनाओं को लेकर निवेशकों से चर्चा की जाएगी।




