सिंगापुर के गार्डन्स बाय द बे के अनुभवों से नवा रायपुर में विकसित होंगे आधुनिक बॉटनिकल गार्डन, छत्तीसगढ़ ने सहयोग की संभावनाएं तलाशी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में पर्यटन, पर्यावरण संरक्षण और शहरी हरियाली को नई ऊंचाइयों तक ले जाने की दिशा में राज्य सरकार ने अंतरराष्ट्रीय सहयोग की पहल की है। सिंगापुर में आयोजित हो रहे पहले SING Forum 2026 में शामिल छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने गार्डन्स बाय द बे (Gardens by the Bay) के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ औपचारिक बैठक कर हॉर्टिकल्चर, जैव विविधता संरक्षण, शहरी हरियाली और ईको-टूरिज्म के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की।
बैठक में छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल ने गार्डन्स बाय द बे के जनरल मैनेजर (मास्टर प्लानिंग) जेसन येओ और निदेशक लिम चियाप सोंग के साथ विभिन्न विषयों पर विचार-विमर्श किया। इस दौरान सिंगापुर के विश्वस्तरीय गार्डन विकास मॉडल, हरित शहरी नियोजन और पर्यावरण संरक्षण के अनुभवों को छत्तीसगढ़ में लागू करने की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
नवा रायपुर में विकसित होंगे आधुनिक बॉटनिकल गार्डन
बैठक का प्रमुख उद्देश्य सिंगापुर के गार्डन्स बाय द बे के अनुभवों से सीख लेकर नवा रायपुर में आधुनिक बॉटनिकल गार्डन विकसित करना और पूरे छत्तीसगढ़ में बेहतर हरित क्षेत्र तैयार करना है। इससे राज्य में पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलने के साथ-साथ शहरी क्षेत्रों को अधिक सुंदर, स्वच्छ और पर्यावरण के अनुकूल बनाने में मदद मिलेगी।
पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा, रोजगार के खुलेंगे अवसर
छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधिमंडल के अनुसार, गार्डन्स बाय द बे के अनुभवों का लाभ लेकर राज्य में आकर्षक पर्यटन स्थलों और हरित सार्वजनिक स्थानों का विकास किया जा सकता है। इससे पर्यटकों की संख्या में वृद्धि होने के साथ ही हॉर्टिकल्चर, पर्यटन, रखरखाव और अन्य संबंधित क्षेत्रों में सैकड़ों लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित होने की उम्मीद है।
MEA के नामांकन पर SING Forum 2026 में छत्तीसगढ़ की भागीदारी
विदेश मंत्रालय (MEA), भारत सरकार द्वारा नामांकित किए जाने के बाद छत्तीसगढ़ को पहले SING Forum 2026 में भागीदारी का अवसर मिला है। इस अंतरराष्ट्रीय मंच के माध्यम से राज्य को वैश्विक विशेषज्ञों और संस्थानों के साथ संवाद करने तथा निवेश, पर्यावरण और सतत विकास के क्षेत्र में सहयोग की संभावनाएं तलाशने का अवसर मिल रहा है।
सिंगापुर के गार्डन्स बाय द बे के साथ हुई यह बैठक छत्तीसगढ़ में हरित बुनियादी ढांचे, आधुनिक उद्यानों और पर्यावरण आधारित पर्यटन को विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।



