Sai Cabinet Decisions: किसानों के लिए उर्वरक समिति का गठन, अग्निवीरों को सरकारी नौकरियों में 10% आरक्षण

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में राज्य के किसानों और अग्निवीर सैनिकों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। कैबिनेट ने एक ओर किसानों को खरीफ और रबी सीजन में समय पर उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए उच्चस्तरीय मंत्री-मंडलीय उप समिति के गठन को मंजूरी दी, वहीं दूसरी ओर अग्निवीर सैनिकों के पुनर्वास और सम्मानजनक रोजगार के लिए राज्य की तृतीय श्रेणी की सरकारी नौकरियों में 10 प्रतिशत आरक्षण देने का ऐतिहासिक निर्णय लिया।
किसानों को समय पर मिलेगा उर्वरक, बनी मंत्री-मंडलीय उप समिति
प्रदेश में हर साल खरीफ और रबी सीजन के दौरान उर्वरकों की मांग बढ़ जाती है। कई बार आपूर्ति और वितरण में आने वाली समस्याओं को देखते हुए राज्य सरकार ने अब इस व्यवस्था की नियमित निगरानी के लिए मंत्री-मंडलीय उप समिति गठित करने का फैसला किया है।
यह समिति प्रदेश में उर्वरकों की उपलब्धता, भंडारण, वितरण और आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा करेगी तथा जरूरत पड़ने पर राज्य सरकार को सुझाव और अनुशंसाएं देगी, ताकि किसानों को समय पर खाद उपलब्ध हो सके।
समिति में उप मुख्यमंत्री (लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग) को अध्यक्ष बनाया गया है। कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री, सहकारिता मंत्री और वित्त मंत्री इसके सदस्य होंगे। कृषि उत्पादन आयुक्त समिति के संयोजक होंगे।
समिति आवश्यकतानुसार संबंधित विभागों के अधिकारियों, कृषि विशेषज्ञों, वैज्ञानिकों और अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित कर सकेगी। सरकार का उद्देश्य है कि किसी भी मौसम में किसानों को खाद की कमी का सामना न करना पड़े।



