Raipur Breaking News: तेलीबांधा चौक नामकरण विवाद पर महापौर ने स्थिति की स्पष्ट, नहीं होगा चौक के स्वरूप से कोई छेड़छाड़

मेक इन इंडिया चौक बनेगा ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’
रायपुर। तेलीबांधा चौक के नामकरण को लेकर चल रहे विवाद के बीच साहू समाज के पदाधिकारियों ने नगर निगम मुख्यालय में महापौर मीनल चौबे से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान महापौर ने तेलीबांधा चौक के स्वरूप को लेकर स्थिति स्पष्ट की।
महापौर ने कहा कि तेलीबांधा चौक के मौजूदा स्वरूप से किसी तरह की छेड़छाड़ नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि मेक इन इंडिया चौक का नामकरण ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ के रूप में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मामले में गलतफहमी हो गई थी, जिसे अब दूर कर दिया गया है।
महापौर ने साहू समाज की भावनाओं का सम्मान करते हुए कहा कि समाज की मांग के अनुसार भविष्य में तेलीबांधा तालाब के समीप तेलिन दाई की मूर्ति स्थापित करने की दिशा में भी पहल की जाएगी।
महापौर से मुलाकात के बाद साहू समाज ने क्या कहा?
महापौर से मुलाकात के बाद साहू समाज के पदाधिकारियों ने कहा कि अब स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो गई है। महापौर ने स्पष्ट किया है कि तेलीबांधा चौक में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा और साहू समाज की संपत्ति पर भी कोई काम नहीं होगा।
पदाधिकारियों ने कहा कि पहले स्थिति स्पष्ट नहीं होने के कारण समाज में विरोध की स्थिति बनी थी। अब महापौर ने स्पष्ट कर दिया है कि मेक इन इंडिया चौक पर ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ बनाया जाएगा, जिस पर साहू समाज को कोई आपत्ति नहीं है।



