छत्तीसगढ़खेल

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग: 6 टीमों को मिले ओलंपियन खिलाड़ी, 21 अक्टूबर से रायपुर में होगा महासंग्राम

रायपुर। छत्तीसगढ़ में हॉकी के रोमांचक मुकाबलों का मंच सजने जा रहा है। रायपुर में 21 अक्टूबर से शुरू होने वाली छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के लिए सभी छह फ्रेंचाइजी टीमों के मुख्य प्रशिक्षकों और खिलाड़ियों का चयन कर लिया गया है। लीग में भारतीय हॉकी के छह अनुभवी ओलंपियन मार्की खिलाड़ी के रूप में टीमों की अगुवाई करेंगे। इससे प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल चुके दिग्गजों के साथ खेलने और उनसे सीखने का अवसर मिलेगा।

WhatsApp Image 2026 09 22 at 9.10.11 PM

राज्य शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस लीग में राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ स्थानीय प्रतिभाएं भी मैदान पर उतरेंगी। अनुभवी प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में टीमें खिताब के लिए मुकाबला करेंगी। सभी मैचों का आयोजन हॉकी इंडिया के अधिकारियों और ऑफिशियल्स की देखरेख में किया जाएगा।

छह टीमों में शामिल होंगे छह ओलंपियन

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में छह मार्की खिलाड़ियों को अलग-अलग फ्रेंचाइजी टीमों में शामिल किया गया है। इनमें सुरेंद्र कुमार, प्रदीप मोर, एस.वी. सुनील, ललित कुमार उपाध्याय, शमशेर सिंह और चिंगलेनसाना सिंह कंगुजाम शामिल हैं।

किस टीम में कौन होगा मार्की खिलाड़ी?

  • न्यायधानी नाइट्स: सुरेंद्र कुमार
  • मैनपाट टाइटन्स: प्रदीप मोर
  • चक्रधर चैंपियंस: एस.वी. सुनील
  • राजधानी रॉयल्स: ललित कुमार उपाध्याय
  • संस्कारधानी स्ट्राइकर्स: शमशेर सिंह
  • बैलाडीला बुल्स: चिंगलेनसाना सिंह कंगुजाम

छह टीमों के मुख्य प्रशिक्षक भी तय

लीग में टीमों को अनुभवी प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन मिलेगा। मोहम्मद रियाज न्यायधानी नाइट्स, अजय कुमार मैनपाट टाइटन्स, अजितेश राय चक्रधर चैंपियंस, राजेन्दर सिंह जूनियर राजधानी रॉयल्स, रजनीश मिश्रा संस्कारधानी स्ट्राइकर्स और देवेश चौहान बैलाडीला बुल्स के मुख्य प्रशिक्षक होंगे।

21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक होंगे मुकाबले

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के सभी मैच रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे। प्रतियोगिता 21 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक आयोजित होगी। प्रतिदिन दो मुकाबले होंगे। पहला मैच शाम 5:30 बजे और दूसरा मैच शाम 7:30 बजे शुरू होगा।

दोनों मुकाबलों के बीच दर्शकों के मनोरंजन के लिए कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। स्टेडियम में दर्शकों का प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। वहीं, जो दर्शक मैदान तक नहीं पहुंच पाएंगे, वे जियोहॉटस्टार पर मैचों का लाइव प्रसारण देख सकेंगे।

युवाओं को मिलेगा अनुभवी खिलाड़ियों से सीखने का मौका

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का उद्देश्य प्रदेश की हॉकी प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराने और घरेलू हॉकी के ढांचे को मजबूत करने की दिशा में अवसर प्रदान करना है। अनुभवी खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों के साथ अभ्यास तथा प्रतिस्पर्धी मुकाबलों से युवा खिलाड़ियों को अपनी तकनीक सुधारने, खेल की रणनीतियां समझने और बड़े मैचों के दबाव से निपटने का अनुभव मिलेगा।अब रायपुर में 21 अक्टूबर से हॉकी का रोमांच देखने को मिलेगा, जहां छह टीमें खिताब के लिए मैदान में उतरेंगी।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search