छत्तीसगढ़

जशपुर के 5 आदिवासी युवाओं को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय रॉक क्लाइंबिंग गाइड प्रशिक्षण, अमेरिका की संस्था PCGI से जुड़ा कार्यक्रम

रायपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के पांच आदिवासी युवाओं ने साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इन युवाओं का अमेरिका की प्रतिष्ठित संस्था प्रोफेशनल क्लाइंबिंग गाइड्स इंस्टीट्यूट (PCGI) के अंतरराष्ट्रीय रॉक क्लाइंबिंग गाइड प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए चयन हुआ है। दिसंबर में बेंगलुरु में होने वाले इस प्रशिक्षण के बाद युवाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रमाणन मिलने की उम्मीद है।

WhatsApp Image 2026 09 22 at 9.10.11 PM

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जशपुर को साहसिक और इको-कल्चरल पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। युवाओं की यह उपलब्धि जिले में पर्यटन के नए अवसरों और स्थानीय रोजगार की संभावनाओं को मजबूत करेगी।

चार युवाओं को लेवल-1, एक को लेवल-2 प्रमाणन की उम्मीद

प्रशिक्षण के लिए चयनित युवाओं में तेजल भगत, रुसनाथ भगत, सचिन कुजूर, प्रतीक नायक और रवि सिंह शामिल हैं। ये युवा दिसंबर में बेंगलुरु में रॉक क्लाइंबिंग की आधुनिक तकनीकों, सुरक्षा मानकों, जोखिम प्रबंधन और पेशेवर गाइडिंग का प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे।

यह कार्यक्रम भारत के प्रमुख रॉक क्लाइंबिंग आयोजनों में शामिल ROMP के साथ आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण और मूल्यांकन सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद चार युवाओं को PCGI लेवल-1 और एक युवा को उन्नत लेवल-2 प्रमाणन मिलने की उम्मीद है।

हिमालय की 5,340 मीटर ऊंची चोटी पर बनाया ‘विष्णु देव रूट’

जशपुर के इन युवाओं ने पर्वतारोहण के क्षेत्र में पहले भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। वर्ष 2025 में ट्राइबल हिमालयन एक्सपीडिशन के दौरान टीम ने हिमाचल प्रदेश की पीर पंजाल पर्वत श्रृंखला में स्थित 5,340 मीटर ऊंचे जगत्सुख-1 शिखर पर सफल आरोहण किया था।

इस अभियान के दौरान युवाओं ने एक नया चढ़ाई मार्ग तैयार किया, जिसे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के सम्मान में ‘विष्णु देव रूट’ नाम दिया गया। अल्पाइन शैली में किए गए इस अभियान में टीम ने साहस, अनुशासन और तकनीकी दक्षता का परिचय दिया।

वर्ष 2024 में शुरू हुई पहल, अब अंतर

राष्ट्रीय पहचानजशपुर में साहसिक पर्यटन और स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षित करने की पहल वर्ष 2024 की शुरुआत में तत्कालीन कलेक्टर डॉ. रवि मित्तल के नेतृत्व में शुरू हुई थी। इसका उद्देश्य जिले की प्राकृतिक और भौगोलिक विशेषताओं को पर्यटन से जोड़ना तथा आदिवासी युवाओं को कौशल और आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना था।

इस पहल को आगे बढ़ाने में छत्तीसगढ़ की माउंटेन गाइडिंग एवं आउटडोर प्रशिक्षण संस्था ‘पहाड़ी बकरा एडवेंचर’ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। संस्था ने युवाओं को रॉक क्लाइंबिंग और पर्वतारोहण का शुरुआती प्रशिक्षण दिया।निरंतर अभ्यास और मार्गदर्शन के जरिए युवाओं ने अपनी तकनीकी क्षमता विकसित की और राष्ट्रीय स्तर के अभियानों में भाग लेकर पहचान बनाई।

अंतरराष्ट्रीय गाइडों की टीम से बढ़ेगा साहसिक पर्यटन

जशपुर की पहाड़ियां, चट्टानी क्षेत्र, प्राकृतिक सुंदरता और जनजातीय संस्कृति साहसिक पर्यटन के लिए अनुकूल हैं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रशिक्षित गाइडों की उपलब्धता से रॉक क्लाइंबिंग जैसी गतिविधियों को अधिक सुरक्षित और पेशेवर तरीके से संचालित करने में मदद मिलेगी।

प्रमाणन के बाद ये युवा अपने क्षेत्र में गाइड, प्रशिक्षक और पर्यटन उद्यमी के रूप में काम कर सकेंगे। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए रास्ते खुलेंगे तथा पर्यटकों को प्रशिक्षित स्थानीय गाइडों की सुविधा मिलेगी।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search