अब AI की मदद से तैयार होंगे रजिस्ट्री के दस्तावेज, ‘धरोहर’ पोर्टल का पायलट परीक्षण शुरू

रायपुर। छत्तीसगढ़ में जमीन और संपत्ति के पंजीयन की प्रक्रिया को आधुनिक, सरल और पारदर्शी बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। राज्य में नवीन ‘धरोहर’ पोर्टल का पायलट परीक्षण शुरू हो गया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और वित्त एवं पंजीयन मंत्री ओ.पी. चौधरी के मार्गदर्शन में विकसित इस पोर्टल के जरिए पंजीयन सेवाओं को डिजिटल और नागरिक-अनुकूल बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल पोर्टल का परीक्षण रायपुर के तेलीबांधा स्थित उप पंजीयक कार्यालय क्रमांक-06 में किया जा रहा है। तकनीकी परीक्षण और आवश्यक सुधारों के बाद इसे प्रदेश के अन्य पंजीयन कार्यालयों में चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा।
अन्य पंजीयन कार्यालयों में कामकाज सामान्य
पंजीयन विभाग ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल ‘धरोहर’ पोर्टल का पायलट परीक्षण केवल तेलीबांधा कार्यालय तक सीमित है। रायपुर जिले के अन्य कार्यालयों सहित प्रदेश के शेष पंजीयन कार्यालयों में पहले से संचालित एनजीडीआरएस सॉफ्टवेयर के माध्यम से पंजीयन कार्य सामान्य रूप से जारी रहेगा।
नई व्यवस्था को पूरी तरह जांचने और तकनीकी सुधार करने के बाद ही अन्य कार्यालयों में लागू किया जाएगा। विभाग का उद्देश्य है कि नई प्रणाली लागू होने के दौरान नागरिकों को पंजीयन सेवाओं में किसी तरह की परेशानी न हो।
33 अधिवक्ताओं और 2 दस्तावेज लेखकों की आईडी मंजूर
‘धरोहर’ पोर्टल पर अधिवक्ताओं और दस्तावेज लेखकों की आईडी जारी करने की प्रक्रिया को सुरक्षित और पारदर्शी बनाया गया है।रायपुर जिले में अब तक आईडी अनुमोदन के लिए प्राप्त सभी आवेदनों को मंजूरी दी गई है। इनमें 33 अधिवक्ताओं और 2 दस्तावेज लेखकों के आवेदन शामिल हैं।
आईडी अनुमोदित होने के बाद अधिवक्ता और दस्तावेज लेखक पोर्टल के माध्यम से पंजीयन कराने वाले पक्षकारों के लिए ऑनलाइन अपॉइंटमेंट बुक कर सकेंगे। इसके अलावा लाइसेंस के लिए ऑनलाइन आवेदन, नवीनीकरण और प्रोफाइल अपडेट जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।
एआई से तैयार होंगे पंजीयन के दस्तावेज
नए पोर्टल में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आधारित डीड ड्राफ्टिंग की सुविधा का प्रावधान किया गया है। इसके माध्यम से दस्तावेज तैयार करने की प्रक्रिया को आसान बनाने में मदद मिलेगी।पोर्टल पर दस्तावेजों की शर्तों और प्रावधानों से संबंधित सुझाव तथा मॉडल डीड डाउनलोड करने की सुविधा भी दी गई है। इससे नागरिकों को पंजीयन के लिए आवश्यक दस्तावेज तैयार करने में सहूलियत मिलेगी।
इसके साथ ही आधार ई-केवाईसी आधारित डिजिटल सत्यापन और डिजिटल हस्ताक्षर की सुविधा भी प्रस्तावित है। इससे पक्षकारों की पहचान को सुरक्षित तरीके से सत्यापित करने और फर्जी पंजीयन की आशंका कम करने में मदद मिलेगी।
ऑनलाइन भुगतान और स्वचालित शुल्क गणना
‘धरोहर’ पोर्टल में संपत्ति के मूल्यांकन और पंजीयन शुल्क की स्वचालित गणना का प्रावधान किया गया है। नागरिक स्टाम्प शुल्क और पंजीयन शुल्क का भुगतान यूपीआई, डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड, नेट बैंकिंग तथा एनईएफटी/आरटीजीएस के माध्यम से ऑनलाइन कर सकेंगे।
डिजिटल भुगतान की सुविधा से नकद लेन-देन की जरूरत कम होगी और भुगतान प्रक्रिया अधिक सरल एवं पारदर्शी बनेगी। नागरिकों को पंजीयन से संबंधित शुल्क की जानकारी प्राप्त करने में भी सुविधा होगी।
परीक्षण के बाद प्रदेशभर में लागू होगी व्यवस्था
पायलट परीक्षण के दौरान पोर्टल के उपयोग, तकनीकी कार्यप्रणाली और नागरिकों से प्राप्त सुझावों के आधार पर आवश्यक सुधार किए जाएंगे।विभाग का लक्ष्य है कि प्रदेशभर में लागू करने से पहले पोर्टल को अधिक प्रभावी, सुरक्षित और उपयोगकर्ता-अनुकूल बनाया जाए।
‘धरोहर’ पोर्टल के चरणबद्ध क्रियान्वयन से भविष्य में नागरिकों, अधिवक्ताओं और दस्तावेज लेखकों के लिए संपत्ति पंजीयन की प्रक्रिया अधिक सरल, सुगम और पारदर्शी होने की उम्मीद है।




