मितानिन सम्मान समारोह के निमंत्रण कार्ड में बड़ी चूक, योग आयोग अध्यक्ष को बताया विधायक; महिला जिला पंचायत सदस्य के नाम के आगे ‘श्री’

एमसीबी। छत्तीसगढ़ के एमसीबी जिले में स्वास्थ्य विभाग के एक कार्यक्रम के निमंत्रण कार्ड में बड़ी लापरवाही सामने आई है। मितानिन दिवस के अवसर पर 24 नवंबर को आयोजित मितानिन दीदियों के सम्मान समारोह के आमंत्रण पत्र में अतिथियों के नाम और पदनाम में गलतियां की गई हैं।
कार्यक्रम के निमंत्रण कार्ड में अति विशिष्ट अतिथि के रूप में संजय अग्रवाल का नाम उल्लेखित है। संजय अग्रवाल छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष हैं, लेकिन विभाग ने आमंत्रण पत्र में उनके नाम के साथ ‘विधायक-योग आयोग, छत्तीसगढ़ शासन’ लिख दिया।
इतना ही नहीं, जिला पंचायत सदस्य प्रिया मरकाम के नाम के आगे भी ‘श्री’ लिख दिया गया, जबकि वह महिला जनप्रतिनिधि हैं। कार्ड में हुई इन गलतियों ने स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मितानिन दीदियों के सम्मान जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रम के निमंत्रण पत्र में इस तरह की त्रुटियां सामने आने के बाद अब यह पोस्टर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। लोग विभाग की इस लापरवाही को लेकर सवाल उठा रहे हैं।




