सरगुजा में खुलेंगी फुटबॉल, कबड्डी और बैडमिंटन की अकादमियां, CM साय ने की बड़ी घोषणा

सरगुजा ओलंपिक 2026-27 का भव्य समापन, 4.16 लाख से अधिक खिलाड़ियों ने कराया पंजीयन; खेल सुविधाओं के लिए हर साल 100 करोड़ रुपये खर्च करेगी सरकार
अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सरगुजा में फुटबॉल, कबड्डी और बैडमिंटन की खेल अकादमियां स्थापित करने की घोषणा की है। रविवार को अंबिकापुर के पीजी कॉलेज मैदान में आयोजित संभाग स्तरीय सरगुजा ओलंपिक 2026-27 के समापन समारोह में मुख्यमंत्री ने यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरगुजा की ग्रामीण और जनजातीय अंचलों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। सरकार का प्रयास है कि इन खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं, बेहतर प्रशिक्षण और आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरगुजा ओलंपिक केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों की प्रतिभाओं को पहचान दिलाने का सशक्त मंच है। खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और संघर्ष करने की क्षमता विकसित करते हैं। सरकार चाहती है कि संसाधनों की कमी के कारण किसी खिलाड़ी का सपना अधूरा न रहे।
4.16 लाख से अधिक खिलाड़ियों ने कराया पंजीयन
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरगुजा ओलंपिक के पिछले संस्करण में करीब साढ़े तीन लाख खिलाड़ियों ने पंजीयन कराया था, जबकि इस वर्ष यह संख्या बढ़कर 4 लाख 16 हजार से अधिक हो गई है। खास बात यह रही कि प्रतियोगिता में बालिकाओं की भागीदारी भी उत्साहजनक रही।
तीन दिनों तक आयोजित इस प्रतियोगिता में 11 खेल विधाओं के मुकाबले हुए। विकासखंड, जिला और संभाग स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समापन समारोह में मुख्यमंत्री ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत भी किया।
खेल सुविधाओं के लिए हर साल 100 करोड़ रुपये
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल अधोसंरचना और प्रशिक्षण सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के तहत राज्य के बजट में प्रतिवर्ष 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने बताया कि नवा रायपुर और जशपुर में तीरंदाजी अकादमी, बस्तर में आवासीय खेल अकादमी और वन डिस्ट्रिक्ट वन स्पोर्ट्स योजना के तहत जिलों में प्रशिक्षण केंद्र विकसित किए जा रहे हैं। नवा रायपुर में आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण भी किया जा रहा है।
ओलंपिक पदक विजेताओं को मिलेंगे 3 करोड़ रुपये
मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य सरकार की पुरस्कार नीति की जानकारी देते हुए बताया कि ओलंपिक में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को 21 लाख रुपये दिए जाएंगे। वहीं स्वर्ण पदक विजेताओं को 3 करोड़, रजत पदक विजेताओं को 2 करोड़ और कांस्य पदक विजेताओं को 1 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि देने का प्रावधान है।
उन्होंने कबड्डी खिलाड़ी संजू देवी और राजनांदगांव की भारोत्तोलक ज्ञानेश्वरी यादव की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ा रहे हैं।




