छत्तीसगढ़

राज्योत्सव में 2 नवंबर को दिखेगा सारंग टीम का एयर शो, 5 हेलीकॉप्टर दिखाएंगे हैरतअंगेज करतब, दो महिला पायलट भी भरेंगी उड़ान

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में इस बार आसमान में भारतीय वायु सेना के शौर्य और उड़ान कौशल का रोमांचक नजारा देखने को मिलेगा। नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में 2 नवंबर को भारतीय वायु सेना की प्रतिष्ठित सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम एयर शो प्रस्तुत करेगी। सुबह 11 बजे से होने वाले इस प्रदर्शन में पांच स्वदेशी ‘ध्रुव’ हेलीकॉप्टर हैरतअंगेज हवाई करतब दिखाएंगे। इसके पहले मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से बुधवार को सारंग टीम के सदस्यों ने रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में सौजन्य मुलाकात की।

WhatsApp Image 2026 09 22 at 9.10.11 PM

मुख्यमंत्री साय ने टीम का स्वागत करते हुए राज्योत्सव में उसकी सहभागिता को प्रदेश के लिए गौरव का विषय बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय वायु सेना की साहस, अनुशासन और पेशेवर दक्षता से जुड़ी परंपराओं को सारंग टीम का प्रदर्शन जीवंत रूप में प्रस्तुत करेगा। यह आयोजन विशेष रूप से युवाओं और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी होगा।

खमसारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम का नेतृत्व ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार करेंगे। टीम में स्क्वाड्रन लीडर अंकिता और स्क्वाड्रन लीडर अक्षया सहित दो महिला पायलट शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला पायलटों की सहभागिता प्रदेश की बेटियों को विमानन और रक्षा सेवाओं में करियर बनाने के लिए प्रेरित करेगी।

स्वदेशी ध्रुव हेलीकॉप्टरों से दिखेगी तकनीकी क्षमता

सारंग टीम स्वदेशी उन्नत हल्के हेलीकॉप्टर (एएलएच) ‘ध्रुव’ के जरिए हवाई प्रदर्शन करती है। टीम के पांच हेलीकॉप्टर सामूहिक उड़ान, आकर्षक संरचनाओं और सटीक तालमेल के साथ करतब दिखाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रदर्शन रक्षा और विमानन क्षेत्र में भारत की तकनीकी क्षमता तथा आत्मनिर्भरता का परिचय भी कराएगा।

युवाओं को राष्ट्रसेवा के लिए करेगा प्रेरित

मुख्यमंत्री ने कहा कि सारंग टीम का प्रदर्शन युवाओं में देशभक्ति, अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करेगा। वहीं, ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार ने राज्योत्सव का हिस्सा बनने पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि टीम का उद्देश्य हवाई करतबों के साथ युवाओं को साहस, कठिन परिश्रम और भारतीय वायु सेना में शामिल होकर देश की सेवा करने के लिए प्रेरित करना भी है।

राज्योत्सव में होने वाला यह एयर शो समारोह के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहेगा। इस दौरान प्रदेशवासियों को भारतीय वायु सेना के पायलटों की दक्षता और आधुनिक विमानन तकनीक को करीब से देखने का अवसर मिलेगा।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search