छत्तीसगढ़

अंकित आनंद बने स्टेट कैपिटल रीजन के मुख्य कार्यपालन अधिकारी

नवा रायपुर–रायपुर–दुर्ग-भिलाई को मिलाकर बनेगा स्टेट कैपिटल रीजन, शहरी विकास को मिलेगी नई दिशा

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य में नियोजित शहरी विकास को गति देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। अंकित आनंद को स्टेट कैपिटल रीजन (State Capital Region) का मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) नियुक्त किया गया है। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा आदेश जारी किया गया है।

राज्य सरकार की योजना के तहत नवा रायपुर, रायपुर और दुर्ग–भिलाई को मिलाकर स्टेट कैपिटल रीजन का गठन किया जाएगा। इस क्षेत्र में चार से पांच बड़े शहरों के साथ-साथ लगभग 500 छोटे-बड़े गांव शामिल किए जाएंगे। इसके लिए पूर्व में SCR(छत्तीसगढ़ राजधानी क्षेत्र विकास प्राधिकरण) अधिनियम, 2025 को मंत्रिपरिषद की मंजूरी मिल चुकी है।

स्टेट कैपिटल रीजन प्राधिकरण का गठन नवा रायपुर विकास प्राधिकरण की तर्ज पर किया जाएगा। प्राधिकरण के अध्यक्ष मुख्यमंत्री होंगे, जबकि इसके संचालन की जिम्मेदारी आईएएस अंकित आनंद को सीईओ के रूप में सौंपी गई है। प्राधिकरण में विभिन्न विभागों के सचिव सदस्य होंगे। इसके अलावा चार विधायकों, स्थानीय निकायों के प्रतिनिधियों और इस क्षेत्र में शामिल जिलों के कलेक्टरों को भी सदस्य बनाया जाएगा।

नियोजित शहरीकरण और मजबूत अधोसंरचना पर फोकस

प्राधिकरण का मुख्य उद्देश्य शहरीकरण को नियोजित स्वरूप देना, आवासीय एवं व्यावसायिक जरूरतों के अनुरूप योजनाएं तैयार करना तथा आधारभूत संरचनाओं का सुदृढ़ीकरण करना होगा। प्राधिकरण के दायरे में आने वाले क्षेत्रों में अब विकास कार्यों के लिए अनुमति लेना अनिवार्य होगा, जिससे अव्यवस्थित निर्माण पर रोक लगाई जा सकेगी।

नवा रायपुर में बनेगा कार्यालय, बजट में प्रावधान: स्टेट कैपिटल रीजन प्राधिकरण का कार्यालय नवा रायपुर में स्थापित करने की तैयारी है। इसके लिए बजट में पहले ही 5 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया था। सरकार की योजना के अनुसार, आने वाले समय में प्राधिकरण के कार्यक्षेत्र और दायरे का विस्तार भी किया जाएगा।

सरकार का मानना है कि स्टेट कैपिटल रीजन के गठन से राजधानी क्षेत्र में समन्वित विकास, बेहतर शहरी सुविधाएं और निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा, जिससे छत्तीसगढ़ के आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button