बीरगांव नगर निगम चुनाव से पहले CM साय ने खोला सौगातों का पिटारा, आवासीय पट्टा देने की बड़ी घोषणा, नालंदा परिसर, ई-लाइब्रेरी समेत कई बड़े ऐलान

रायपुर। बीरगांव नगर निगम क्षेत्र में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने करीब 135 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने बीरगांव के विकास को लेकर कई घोषणाएं भी कीं। CM साय ने बीरगांव नगर निगम क्षेत्र के रावाभाटा, बजारीपारा, उरकुरा और मजदूर नगर में सर्वेक्षण कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण के बाद आवासीय पट्टा देने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
मुख्यमंत्री साय ने अपने संबोधन में कहा कि पिछली कांग्रेस सरकार के पांच वर्षों के कार्यकाल में बीरगांव में करीब 95 करोड़ रुपये के विकास कार्य हुए, जबकि उनकी सरकार ने ढाई साल के कार्यकाल में बीरगांव नगर निगम को 160 करोड़ रुपये से अधिक की राशि उपलब्ध कराई है।
पाइपलाइन विस्तार से लेकर खेल मैदान तक काम
मुख्यमंत्री ने बीरगांव में पाइपलाइन विस्तार, उरकुरा मल्टी स्पोर्ट्स ग्राउंड और नगर उत्थान से जुड़े कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि नगर उत्थान के लिए करीब 60 करोड़ रुपये के कार्य किए जाएंगे।
नालंदा परिसर और ई-लाइब्रेरी की घोषणा
मुख्यमंत्री साय ने बीरगांव में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) के लिए 82 करोड़ रुपये, बीरगांव में ओवरहेड टंकी के लिए 10 करोड़ रुपये, अधोसंरचना और नाली निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपये तथा सरोरा में खेल मैदान के लिए 5 करोड़ रुपये, नालंदा परिसर के निर्माण के लिए 5 करोड़ रुपये की घोषणा की। वहीं कॉलेज ग्राउंड में ई-लाइब्रेरी के लिए 89 लाख रुपये की घोषणा भी की गई। इसके साथ ही बीरगांव में विद्युत विभाग के जोन कार्यालय खोलने की बड़ी घोषणा भी मुख्यमंत्री साय ने की।
इटली के चश्मे से कांग्रेसियों को नहीं दिखता विकास – CM साय
मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री आवास योजना और महतारी वंदन योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी सरकार के कार्यकाल में प्रदेश में प्रतिदिन करीब 1600 मकानों का निर्माण हो रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को महतारी वंदन योजना के तहत राशि दी जा रही है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर विकास कार्यों को नहीं देखने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस के लोग “इटली के चश्मे” से विकास को देखते हैं। उन्होंने कहा कि विकास देखने के लिए उन्हें “देश निर्माण का चश्मा” पहनना पड़ेगा।




