PM आवास पर भूपेश-विजय की बहस खत्म, सोशल मीडिया पर छिड़ी नई जंग

रायपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर रायपुर प्रेस क्लब में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के बीच हुई सीधी बहस खत्म हो गई है, लेकिन इस मुद्दे पर सियासी घमासान थमने का नाम नहीं ले रहा। अब बहस का मैदान सोशल मीडिया बन गया है। दोनों पक्षों की ओर से पोस्ट और जवाबी पोस्ट के जरिए एक-दूसरे पर निशाना साधा जा रहा है।
प्रेस क्लब में हुई बहस के दौरान पीएम आवास की स्वीकृति, निर्माण के आंकड़े, कोरोना काल, केंद्र के पोर्टल और राज्यांश की राशि को लेकर दोनों नेताओं के बीच तीखी बहस हुई थी। विजय शर्मा ने जहां कांग्रेस सरकार पर पीएम आवास को लेकर गंभीर आरोप लगाए, वहीं भूपेश बघेल ने कोरोना काल और केंद्र सरकार के पोर्टल को लेकर अपनी बात रखी।
BJP छत्तीसगढ़ ने पोस्ट कर भूपेश बघेल पर साधा निशाना

बहस खत्म होने के बाद BJP Chhattisgarh के सोशल मीडिया अकाउंट से भूपेश बघेल को निशाने पर लेते हुए पोस्ट किया गया। पोस्ट में लिखा गया – “हवाबाजी का हुआ भंडाफोड़, भ्रम का गुब्बारा फूटा सही आंकड़ों के साथ।”
इसके साथ साझा की गई तस्वीर में भूपेश बघेल को एक बड़े लाल गुब्बारे के ऊपर दिखाया गया है, जिस पर “भ्रम का गुब्बारा” लिखा है। तस्वीर में आसपास “भ्रष्टाचार”, “झूठ”, “विफलता”, “जनता को गुमराह” और “घोटाले” जैसे शब्द भी लिखे नजर आ रहे हैं। BJP की पोस्ट के जरिए पीएम आवास को लेकर भूपेश बघेल के दावों को गलत बताते हुए राजनीतिक हमला किया गया।
‘2+2=6’ वाले पोस्ट से भी निशाना

BJP छत्तीसगढ़ की ओर से एक अन्य सोशल मीडिया पोस्ट भी सामने आया। इसमें भूपेश बघेल की तस्वीर के साथ ब्लैकबोर्ड पर “2+2=6” लिखा दिखाया गया। पोस्ट के साथ तंज कसते हुए लिखा गया—“तुम्हारी इनकमिंग भी जनता ने बंद कर दी है मिस्टर एटीएम, अगली बार राहुल गांधी को भेजना।”इस पोस्ट के जरिए BJP ने भूपेश बघेल पर पीएम आवास के आंकड़ों की गलत गणना करने का आरोप लगाते हुए निशाना साधा।
भूपेश बघेल ने भी सोशल मीडिया पर दिया जवाब

वहीं भूपेश बघेल की ओर से भी सोशल मीडिया पर जवाब सामने आया। उनकी पोस्ट में लाल बैकग्राउंड पर लिखा गया – “अगली बार किसी समझदार को भेजना। ‘छोटा रिचार्ज’ रील के लिए ही ठीक है।”इस पोस्ट को प्रेस क्लब में विजय शर्मा के साथ हुई बहस के बाद भाजपा पर पलटवार के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि पोस्ट में किसी नेता का नाम सीधे तौर पर नहीं लिखा गया है।
प्रेस क्लब की बहस के बाद सोशल मीडिया पर आमने-सामने
दरअसल, पीएम आवास के मुद्दे पर प्रेस क्लब में हुई बहस के दौरान विजय शर्मा ने भूपेश बघेल के आंकड़ों पर सवाल उठाते हुए कहा था कि वे “बार-बार गुगली कर रहे हैं” और पीएम आवास की गलत काउंटिंग कर रहे हैं। वहीं भूपेश बघेल ने कहा था कि “पीएम आवास पर आप राजनीति कर रहे हैं।”
बघेल ने यह भी कहा था कि “मैंने पीएम आवास नहीं बनाए तो जनता ने हमें सजा दे दी।”
अब बहस खत्म होने के बाद दोनों खेमों के बीच सोशल मीडिया पर वार-पलटवार शुरू हो गया है। BJP की ओर से जहां भूपेश बघेल के दावों को “भ्रम” और “गलत आंकड़े” बताते हुए पोस्ट किए जा रहे हैं, वहीं बघेल की ओर से भी भाजपा के हमले का जवाब तंज और राजनीतिक कटाक्ष के जरिए दिया जा रहा है।
यानी प्रेस क्लब में PM आवास पर आमने-सामने हुई बहस खत्म हो गई, लेकिन ‘गुगली’ के बाद अब सोशल मीडिया पर सियासी मुकाबला जारी है।



