छत्तीसगढ़खेल

‘नवा रायपुर ओपन 2026’ का आगाज; कपिल देव बोले- छत्तीसगढ़ को गोल्फ डेस्टिनेशन बनते देखना चाहता हूं, CM साय ने कहा- गोल्फ अब छत्तीसगढ़ में बना रहा है अलग पहचान

नवा रायपुर में गोल्फ का रोमांच,CM साय ने किया ट्रॉफी का अनावरण, देश के 132 और विदेश के 18 गोल्फर ले रहे भाग

रायपुर। नवा रायपुर में गोल्फ के रोमांच का आगाज हो गया है। ‘नवा रायपुर ओपन 2026’ के आयोजन के साथ छत्तीसगढ़ को गोल्फ और खेल पर्यटन के नए केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल शुरू हुई है। फेयरवे गोल्फ एंड लेक रिजॉर्ट, नवा रायपुर में आयोजित सेरेमोनियल टी-ऑफ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, भारतीय क्रिकेट के दिग्गज और डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के अध्यक्ष कपिल देव तथा डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के CEO अमनदीप जौहल मौजूद रहे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस दौरान प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण भी किया।

कपिल देव बोले- छत्तीसगढ़ को गोल्फ डेस्टिनेशन बनाना चाहता हूं

‘डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के अध्यक्ष और क्रिकेट लीजेंड कपिल देव ने छत्तीसगढ़ में खेलों को मिल रहे बढ़ावे की सराहना की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में दिनोंदिन खेलों को बढ़ावा मिल रहा है।कपिल देव ने कहा कि केवल गोल्फ ही नहीं, बल्कि हर खेल को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले साल के आयोजन को लेकर घोषणा जल्द होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वह चाहते हैं कि छत्तीसगढ़ गोल्फ का डेस्टिनेशन बने।

छत्तीसगढ़ की अलग पहचान बना रहा गोल्फ – CM साय

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि आज का दिन छत्तीसगढ़ और नवा रायपुर के लिए बड़े सौभाग्य का विषय है, क्योंकि यहां ‘नवा रायपुर ओपन 2026’ का आयोजन हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कपिल देव का छत्तीसगढ़ की धरती पर स्वागत करते हुए कहा कि वह मुख्यमंत्री के रूप में उनका स्वागत करना चाहेंगे। उन्होंने रायपुर की धरती पर पहुंचे सभी गोल्फ खिलाड़ियों का भी स्वागत किया।साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में हर तरह के खेल होते हैं। उन्होंने बताया कि राज्य में क्रिकेट का तीसरा सबसे बड़ा स्टेडियम भी है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पहले वे लोग गोल्फ को केवल टीवी पर देखा करते थे, लेकिन अब गोल्फ ने छत्तीसगढ़ में अपनी अलग पहचान बनानी शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि पीजीटीआई और देशभर के गोल्फ खिलाड़ियों का छत्तीसगढ़ में कदम रखना प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण है। राज्य सरकार छत्तीसगढ़ में हर खेल को बढ़ावा देने के लिए प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए सरकार ने ‘उत्कर्ष मिशन’ का प्रावधान रखा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ अब नक्सल मुक्त हो चुका है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बस्तर और सरगुजा जैसे क्षेत्रों में भी खेल गतिविधियों को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने बताया कि बस्तर और सरगुजा ओलंपिक का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया है। सरकार का उद्देश्य प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं को अवसर देना और खेल गतिविधियों का विस्तार करना है।

नवा रायपुर को गोल्फ और खेल पर्यटन का केंद्र बनाने की तैयारी

‘नवा रायपुर ओपन 2026’ का उद्देश्य प्रदेश में गोल्फ के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ उभरती खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर का मंच उपलब्ध कराना है। इसके साथ ही नवा रायपुर की आधुनिक अधोसंरचना और खेल सुविधाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने का प्रयास है।

इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न हिस्सों के खिलाड़ियों के साथ विदेशी गोल्फरों की भागीदारी से नवा रायपुर को अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर पहचान मिलने की उम्मीद है। आयोजन से खेल पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।

छत्तीसगढ़ की जमीन हमारे खिलाड़ियों को बहुत बुलाती है- अमनदीप जौहल

डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के CEO अमनदीप जौहल ने छत्तीसगढ़ में गोल्फ को मिल रहे प्रोत्साहन की तारीफ की। उन्होंने कहा कि “छत्तीसगढ़ की जमीन बहुत बुलाती है हमारे खिलाड़ियों को।”उन्होंने कहा कि पिछले दो साल से जब से पीजीटीआई छत्तीसगढ़ आया है, यहां उनका बहुत अभिनंदन हुआ है। उन्होंने बताया कि वे मार्च में छत्तीसगढ़ आए थे, तब छत्तीसगढ़ ओपन का आयोजन हुआ था और अब सितंबर में नवा रायपुर ओपन टूर्नामेंट हो रहा है। अमनदीप जौहल ने बताया कि इस टूर्नामेंट में 132 गोल्फर हिस्सा ले रहे हैं। इनमें काफी संख्या में विदेशी खिलाड़ी भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि विदेशी खिलाड़ियों के आने से छत्तीसगढ़ का प्रभाव और पहचान पूरी दुनिया में बनती है और इस तरह के आयोजनों से दुनिया के लोग छत्तीसगढ़ को जानने लगेंगे।उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से टूरिज्म को भी बढ़ावा मिलता है। गोल्फ प्रतियोगिता के माध्यम से छत्तीसगढ़ की पहचान खेल के साथ-साथ पर्यटन के क्षेत्र में भी मजबूत हो सकती है।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search