बीजापुर में बड़ी सफलता, नक्सल मुठभेड़ में 18 नक्सली ढेर, CM ने शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि

बीजापुर/रायपुर। बस्तर संभाग में सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। बीजापुर–दंतेवाड़ा सीमा पर जारी संयुक्त ऑपरेशन में 18 नक्सलियों के ढेर होने की पुष्टि हुई है। यह जानकारी बस्तर IG पी. सुंदरराज ने दी है। इलाके में अभी भी सर्चिंग अभियान जारी है और सुरक्षा बल आसपास के क्षेत्रों में नक्सल कैंप व ठिकानों की तलाश कर रहे हैं।
इस कार्रवाई के दौरान DRG के 3 जवान शहीद हो गए, जबकि कुछ जवान घायल बताए जा रहे हैं। घायल जवानों का उपचार जारी है। अधिकारियों के अनुसार मुठभेड़ स्थल से हथियारों और विस्फोटकों का बड़ा जखीरा भी बरामद हुआ है।
मुख्यमंत्री साय का बयान
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि नक्सल ऑपरेशन में हमारे जवान मजबूती से लड़ रहे हैं। सीएम ने कहा ऑपरेशन में DRG के तीन जवान शहीद हुए हैं। शहीद जवानों को विनम्र श्रद्धांजलि, उनके साहस को नमन। ऑपरेशन में बड़ी सफलता मिली है, कई नक्सली न्यूट्रलाइज हुए हैं।
ऑपरेशन अभी जारी
सुरक्षा बल बीजापुर–दंतेवाड़ा बॉर्डर के जंगलों में सर्चिंग अभियान जारी रखे हुए हैं। माना जा रहा है कि मुठभेड़ में शामिल कुछ नक्सली भागने में सफल हुए, जिनकी तलाश के लिए क्षेत्र को सील कर दिया गया है। इलाके में अतिरिक्त जवानों की तैनाती के साथ ड्रोन व ट्रैकिंग तकनीक का उपयोग भी किया जा रहा है।




