छत्तीसगढ़

JEE Mains में चप्पल में छिपाकर मोबाइल लाया परीक्षार्थी, नकल करते पकड़ा गया

भिलाई के परीक्षा केंद्र में बड़ी चालाकी का खुलासा, वाशरूम से लौटने के बाद हुआ शक

भिलाई। भिलाई के ION Digital Zone, सिरसाकला स्थित पार्थिवी इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजित JEE Mains परीक्षा के दौरान नकल का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। पहली पाली की परीक्षा में एक परीक्षार्थी आदित्य को संदिग्ध गतिविधियों के चलते जांच कर्मियों ने पकड़ लिया।

जानकारी के अनुसार, परीक्षा के दौरान उसकी गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही थी। इसी बीच वह वाशरूम गया और करीब एक घंटे बाद वापस लौटने पर जांच दल को उस पर शक गहरा गया। इसके बाद उसे परीक्षा कक्ष से बाहर निकालकर तलाशी ली गई।

तलाशी में नहीं मिला कुछ, फिर चप्पल उतरवाई गई

प्रारंभिक जांच में छात्र के पास से कोई नकल सामग्री या इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस नहीं मिला। लेकिन जब जांच टीम ने संदेह के आधार पर उसकी चप्पल उतरवाकर जांच की, तो सभी हैरान रह गए। पता चला कि उसने चप्पल को काटकर उसके अंदर बेहद सफाई से मोबाइल फोन छिपा रखा था। आशंका है कि उसने वाशरूम में जाकर कॉल के जरिए कई सवालों के जवाब जुटाए थे।

वेन्यू कमांडिंग अधिकारी ने दर्ज कराई रिपोर्ट

घटना की जानकारी मिलते ही वेन्यू कमांडिंग अधिकारी अजीत वर्मा ने मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद आरोपी परीक्षार्थी को पुलिस ने हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ पुरानी भिलाई थाना में छत्तीसगढ़ सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों का निवारण) अधिनियम 2008 की धारा 09 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

सतर्कता से खुली नकल की पोल: इस पूरे मामले में दुर्ग पुलिस और परीक्षा केंद्र के सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता की सराहना की जा रही है। एसएसपी दुर्ग ने भी गार्ड, पुलिस स्टाफ और परीक्षा केंद्र की सुरक्षा टीम की मुस्तैदी की प्रशंसा की है।

परीक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, सुरक्षा और कड़ी करने की मांग: घटना के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं में सुरक्षा और जांच प्रक्रिया को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।हालांकि, समय रहते कार्रवाई होने से नकल की इस कोशिश को नाकाम कर दिया गया।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search