छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ के लोकेन्द्र ने क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव को भेंट की आदमकद प्रतिमा, बोले- सचिन के पास ही लगाना

बालोद। बालोद जिले के देवगहन गांव निवासी लोकेंद्र साहू ने भारतीय क्रिकेटर सूर्यकुमार यादव को उनके जन्मदिन के मौके पर उनकी आदमकद प्रतिमा भेंट की। करीब दो लाख रुपये की लागत से तैयार कराई गई इस प्रतिमा को लेकर लोकेंद्र मुंबई के चेंबूर स्थित सूर्यकुमार यादव के घर पहुंचे। मुलाकात के दौरान उन्होंने सूर्यकुमार को प्रतिमा भेंट की और अपनी इस अनूठी पहल के बारे में जानकारी दी।

लोकेंद्र साहू ने सूर्यकुमार यादव से छत्तीसगढ़ आने और अपनी निजी जमीन पर स्थापित 18 शहीदों की प्रतिमाओं का अनावरण करने का आग्रह भी किया। लोकेंद्र के मुताबिक, सूर्यकुमार यादव ने उनकी पहल की सराहना की और छत्तीसगढ़ आने पर उनसे मुलाकात करने का वादा किया।

मुलाकात के दौरान सूर्यकुमार यादव ने लोकेंद्र से कहा कि उनकी प्रतिमा उसी स्थान पर स्थापित की जाए, जहां सचिन तेंदुलकर की प्रतिमा लगी है। सूर्यकुमार की इच्छा के बाद लोकेंद्र उनकी प्रतिमा लेकर छत्तीसगढ़ लौट रहे हैं। अब यहां पहुंचने के बाद वे अपनी निजी जमीन पर सचिन तेंदुलकर की प्रतिमा के पास सूर्यकुमार यादव की आदमकद प्रतिमा स्थापित करेंगे।

निजी जमीन पर स्थापित हैं 18 शहीदों की प्रतिमाएं

लोकेंद्र साहू क्रिकेट के प्रति अपने जुनून के साथ-साथ शहीदों के सम्मान के लिए भी अलग पहचान रखते हैं। उन्होंने अपनी निजी जमीन पर आतंकी हमलों और अलग-अलग घटनाओं में शहीद हुए 18 शहीदों की प्रतिमाएं स्थापित कर रखी हैं। इसी जमीन पर उन्होंने क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर की प्रतिमा भी स्थापित की है।

अब इसी परिसर में सूर्यकुमार यादव की प्रतिमा भी स्थापित होने जा रही है। लोकेंद्र की इस पहल में क्रिकेट के प्रति उनका जुनून और देश के लिए बलिदान देने वाले शहीदों के प्रति सम्मान, दोनों देखने को मिलते हैं।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search