NHAI NEWS : मार्च 2027 तक पूरा होगा रायपुर-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस-वे का निर्माण, भारतमाला परियोजना के कार्यों की हुई समीक्षा

PWD सचिव मुकेश कुमार बंसल ने बरसात में वैकल्पिक मार्ग बनाने, केशकाल घाटी बायपास और फ्लाईओवर कार्यों में तेजी लाने के दिए निर्देश
रायपुर। मुकेश कुमार बंसल ने राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की समीक्षा बैठक में बताया कि भारतमाला परियोजना के तहत निर्माणाधीन रायपुर-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस-वे और दुर्ग-आरंग बायपास का निर्माण कार्य मार्च 2027 तक पूरा कर लिया जाएगा। बैठक में भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों ने परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी दी।
समीक्षा बैठक में निर्माणाधीन सड़कों पर बरसात के दौरान लोगों को परेशानी से बचाने के लिए वैकल्पिक (डायवर्टेड) मार्ग बनाने के निर्देश दिए गए। साथ ही केशकाल घाटी बायपास में सड़क के साथ दो बड़े पुलों का निर्माण भी जल्द शुरू करने को कहा गया।
PWD सचिव ने अधिकारियों को भारतमाला परियोजना के इकोनॉमिक कॉरिडोर से राज्य की सड़कों को जोड़ने के लिए टू-लेन और फोर-लेन सड़कों के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन राष्ट्रीय राजमार्गों के शुरू होने से छत्तीसगढ़ में माल एवं यात्री परिवहन को गति मिलेगी और आर्थिक विकास को नया आयाम मिलेगा।
बैठक में रायपुर के तेलीबांधा चौक, उद्योग भवन चौक और सरोना चौक में प्रस्तावित फ्लाईओवर की प्रगति की भी समीक्षा की गई। सचिव ने सड़क सुरक्षा, ब्लैक स्पॉट खत्म करने, गुणवत्ता बनाए रखने और तय समय सीमा में सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए।




