
नई दिल्ली। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज नई दिल्ली प्रवास के दौरान देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन से सौजन्य भेंट की।मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू को अवगत कराया कि वर्ष 2025, छत्तीसगढ़ राज्य के गठन की रजत जयंती वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा इस अवसर पर संचालित विकास, जनकल्याण और सांस्कृतिक गौरव से जुड़े आयोजनों की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति मुर्मू को 15 नवंबर को अंबिकापुर में आयोजित होने वाले जनजातीय गौरव दिवस के राज्यस्तरीय कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण भी दिया। राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मू ने छत्तीसगढ़ की जनता को रजत जयंती वर्षगांठ की शुभकामनाएँ देते हुए राज्य के सर्वांगीण विकास और जनकल्याण के प्रयासों की सराहना की तथा प्रदेश की निरंतर प्रगति और समृद्धि की कामना की।
इसके बाद मुख्यमंत्री साय ने उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन से भी सौजन्य भेंट की और उन्हें 5 नवम्बर को नया रायपुर में आयोजित होने वाले राज्योत्सव के समापन समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। उपराष्ट्रपति ने स्नेहपूर्वक छत्तीसगढ़ आगमन की सहमति प्रदान की।
मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए यह गौरव और हर्ष का विषय है कि देश के शीर्ष संवैधानिक पदों पर आसीन माननीय राष्ट्रपति और उपराष्ट्रपति दोनों रजत जयंती वर्ष के ऐतिहासिक अवसर पर प्रदेश की सांस्कृतिक और विकास यात्रा के साक्षी बनेंगे।
इस अवसर पर केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू और मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह उपस्थित रहे।




