छत्तीसगढ़ के पहले स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव में शामिल हुए सीएम साय, खिलाड़ियों को दी प्रोत्साहन राशि; कहा – सरकार ने खेल मिशन के लिए ₹100 करोड़ का प्रावधान किया

रायपुर – छत्तीसगढ़ में पहली बार आयोजित स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव का समापन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी में हुआ। राजधानी रायपुर में आयोजित इस कॉन्क्लेव में मुख्यमंत्री ने खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स 2026 में राज्य के लिए पदक जीतने वाले खिलाड़ियों और टीमों को प्रोत्साहन राशि प्रदान की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेलों और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए गंभीरता से काम कर रही है और उत्कृष्ट खेल मिशन के तहत खेल अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए इस वर्ष के बजट में ₹100 करोड़ का प्रावधान किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विशेषज्ञों, खेल प्रशासकों, स्पोर्ट्स साइंटिस्ट्स और खिलाड़ियों के बीच हुए विचार-विमर्श से छत्तीसगढ़ की खेल नीति और अधिक प्रभावी बनेगी। उन्होंने कहा कि बस्तर ओलंपिक, सरगुजा ओलंपिक और खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स जैसे आयोजनों ने प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को बड़ा मंच दिया है। बस्तर ओलंपिक में लगभग 4 लाख और सरगुजा ओलंपिक में 3.5 लाख से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी इसका प्रमाण है।मुख्यमंत्री ने बताया कि हाल ही में 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों की सूची को मंजूरी दी गई है, जिन्हें भविष्य में सरकारी नौकरियों में लाभ मिलेगा।
कॉन्क्लेव के सुझावों पर बनेगी नई कार्ययोजनाउप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव ने कहा कि स्पोर्ट्स कॉन्क्लेव छत्तीसगढ़ को खेलों के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि विशेषज्ञों के सुझावों और निष्कर्षों को शामिल कर राज्य के लिए विस्तृत एवं प्रभावी कार्ययोजना तैयार की जाएगी। प्राथमिक स्तर से ही खेल प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण देने पर सरकार विशेष ध्यान दे रही है।
19 पदक जीतने वाले खिलाड़ियों का हुआ सम्मान
मुख्यमंत्री ने खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में पदक जीतने वाले 11 खिलाड़ियों और 3 टीमों को प्रोत्साहन राशि वितरित की। छत्तीसगढ़ ने प्रतियोगिता में 3 स्वर्ण, 10 रजत और 6 कांस्य सहित कुल 19 पदक अपने नाम किए थे।
प्रोत्साहन राशि
🥇 स्वर्ण पदक विजेता: ₹2 लाख
🥈 रजत पदक विजेता: ₹1.50 लाख
🥉 कांस्य पदक विजेता: ₹1 लाखटीमों को मिली राशि
महिला फुटबॉल (स्वर्ण): ₹22 लाख
पुरुष फुटबॉल (रजत): ₹16.50 लाख
पुरुष हॉकी (कांस्य): ₹9 लाख
इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार, संचालक तनुजा सलाम, ओलंपियन जिन्सन जॉनसन, खेल वैज्ञानिक डॉ. रत्नेश सिंह, पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर राजेश चौहान सहित देशभर के खेल विशेषज्ञ, प्रशिक्षक, खिलाड़ी और खेल संघों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।




