
अमरकंटक चौक पर मंच लगाकर हुआ था जश्न, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने की कार्रवाई
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। गौरेला के अमरकंटक चौक पर सार्वजनिक मार्ग पर मंच लगाकर जन्मदिन समारोह आयोजित करना भाजयुमो जिलाध्यक्ष सिद्धार्थ दुबे उर्फ सिद्धू समेत अन्य लोगों को भारी पड़ गया। पुलिस ने सार्वजनिक मार्ग पर आवागमन प्रभावित होने के मामले में सिद्धार्थ दुबे, मौसम ताम्रकार और रितुराज अग्रवाल समेत अन्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस के मुताबिक घटना 18 सितंबर 2026 की रात करीब 11:42 बजे की है। जन्मदिन समारोह के दौरान अमरकंटक चौक पर मंच लगाया गया था। ढोल-नगाड़ों के बीच बड़ी संख्या में समर्थक जुटे और केक काटकर जन्मदिन मनाया गया।
फेसबुक लाइव में दिखा पूरा आयोजन
बताया गया कि कार्यक्रम का सोशल मीडिया पर लाइव प्रसारण भी किया गया था। वायरल वीडियो में सड़क पर मंच और लोगों की भीड़ दिखाई दे रही थी। पुलिस के अनुसार भीड़ के कारण सार्वजनिक मार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने लिया संज्ञान
सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद गौरेला पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने वीडियो और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आयोजन में शामिल लोगों की पहचान की।मामले में सिद्धार्थ दुबे उर्फ सिद्धू, मौसम ताम्रकार और रितुराज अग्रवाल को नामजद किया गया है। रिपोर्टों के अनुसार पुलिस ने BNS की धारा 285 और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। अपराध क्रमांक 0414/26 बताया गया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों एवं साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



