सिरसा गेट और खुर्सीपार चौक पर बनेंगे ग्रेड सेपरेटर, केंद्र सरकार ने 77.36 करोड़ रुपये किए स्वीकृत

रायपुर – भिलाई-दुर्ग के बीच ट्रैफिक होगा फास्ट, जाम से मिलेगी स्थायी राहत
रायपुरI राजधानी रायपुर और ट्विन सिटी भिलाई–दुर्ग के बीच आवागमन अब और अधिक तेज, सुगम और जाम-मुक्त होने जा रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग–53 पर स्थित सिरसा गेट चौक और खुर्सीपार चौक पर जल्द ही ग्रेड सेपरेटर का निर्माण किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव की पहल पर केन्द्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय ने इसके लिए 77 करोड़ 36 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की है।
भारत सरकार ने राज्य शासन के प्रस्ताव के अनुरूप वित्तीय वर्ष 2025–26 की वार्षिक कार्ययोजना के अंतर्गत इन दोनों महत्वपूर्ण चौकों पर ग्रेड सेपरेटर निर्माण के लिए राशि मंजूर की है। इसके पूरा होते ही रायपुर और दुर्ग के बीच वाहनों को किसी भी चौक पर रुकना नहीं पड़ेगा, जिससे यात्रा समय में उल्लेखनीय कमी आएगी।
पहले से बने फ्लाईओवर्स से मिली थी राहत
गौरतलब है कि रायपुर–दुर्ग मार्ग पर कुम्हारी चौक, डबरा पारा, पावर हाउस चौक और सुपेला चौक पर पहले ही फ्लाईओवर्स का निर्माण किया जा चुका है। सिरसा गेट और खुर्सीपार चौक लंबे समय से ट्रैफिक जाम के प्रमुख केंद्र बने हुए थे, जहां ग्रेड सेपरेटर की मांग लगातार की जा रही थी।
औद्योगिक क्षेत्र को भी मिलेगा बड़ा लाभ
राज्य और केंद्र सरकार के समन्वित प्रयासों से मिली यह मंजूरी जनआकांक्षाओं की पूर्ति के साथ-साथ रायपुर–भिलाई–दुर्ग औद्योगिक क्षेत्र के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है। सभी प्रमुख चौकों पर फ्लाईओवर और ग्रेड सेपरेटर बनने से न केवल यात्रियों को राहत मिलेगी, बल्कि इस मार्ग पर संचालित उद्योगों की लॉजिस्टिक्स और परिवहन व्यवस्था भी अधिक सुचारु होगी।
ग्रेड सेपरेटर निर्माण के बाद यह मार्ग प्रदेश के सबसे तेज और निर्बाध ट्रैफिक कॉरिडोरों में शामिल होगा।




