छत्तीसगढ़

रायपुर में कचरा गाड़ी कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल, डोर टू डोर सेवा ठप

रायपुर। राजधानी रायपुर में स्वच्छता व्यवस्था पर बड़ा असर पड़ा है। कचरा गाड़ी (डोर टू डोर कलेक्शन) चलाने वाले कर्मचारी अपनी वेतन वृद्धि की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। हड़ताल के कारण पूरे शहर में कचरा कलेक्शन पूरी तरह ठप हो गया है।

कई वार्डो के पार्षदों ने लोगों को मैसेज कर स्पष्ट किया है कि आगामी सूचना तक डोर टू डोर सेवा प्रभावित रहेगी। दलदल सिवनी स्थित डंपिंग यार्ड में सैकड़ों कर्मचारियों ने एकजुट होकर धरना दिया और नारेबाजी की।

कर्मचारियों का कहना है कि कई वर्षों से वेतन नहीं बढ़ाया गया है, जबकि काम का बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है। दिवाली त्योहार से पहले हड़ताल के चलते घरों से कचरा नहीं उठाया जा रहा, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। हड़ताल से पूरे रायपुर शहर में स्वच्छता व्यवस्था चरमरा गई है। मोहल्लों और कॉलोनियों में कचरा जमा होने लगा है। नगर निगम ने अब तक कोई वैकल्पिक व्यवस्था की घोषणा नहीं की है। कर्मचारी संगठन ने साफ कहा है कि जब तक उनकी वेतन वृद्धि की मांग पूरी नहीं होती, वे हड़ताल वापस नहीं लेंगे।

गौरतलब है कि रायपुर में कचरा उठाव का कार्य RWMPL कंपनी के माध्यम से किया जाता है। हड़ताल के चलते कंपनी की पूरी डोर टू डोर सेवा बंद हो चुकी है। त्योहार के समय गंदगी और बदबू की समस्या बढ़ने की आशंका है। नगर निगम प्रशासन और कंपनी के बीच जल्द समाधान नहीं निकला तो स्थिति और बिगड़ सकती है।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button