रावाभाटा ट्रांसपोर्ट नगर में बदहाल सफाई और अवैध कब्जों का मुद्दा गरमाया, परिवहन संघ ने विधायक से की कार्रवाई की मांग

रायपुर। रावाभाटा ट्रांसपोर्ट नगर, बीरगांव में सफाई व्यवस्था की बदहाली, अवैध कब्जों और सुरक्षा संबंधी समस्याओं को लेकर रायपुर बस्तर कोरापुट परिवहन संघ ने रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू को पत्र सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। संघ ने क्षेत्र में विशेष सफाई अभियान चलाने के साथ ही पार्किंग क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराने और अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई की मांग की है।
संघ का कहना है कि रावाभाटा ट्रांसपोर्ट नगर से नगर निगम बीरगांव को सर्वाधिक कर राजस्व प्राप्त होता है, इसके बावजूद यहां सफाई व्यवस्था बेहद खराब है। पत्र के मुताबिक कई महीनों से जगह-जगह कूड़े-कचरे और गंदगी के ढेर लगे हैं। नाले और नालियां लंबे समय से साफ नहीं होने के कारण जाम हैं, जिससे गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है और क्षेत्र में अस्वच्छता की स्थिति बनी हुई है।
पार्किंग क्षेत्र में अवैध कब्जों का आरोप
परिवहन संघ ने ट्रांसपोर्ट नगर के वाहन पार्किंग क्षेत्र में कई स्थानों पर अवैध कब्जे किए जाने का आरोप लगाया है। पत्र में कहा गया है कि कुछ जगहों पर अवैध वाहन सेवा केंद्र और ट्रकों की धुलाई के स्थान संचालित किए जा रहे हैं। इनसे निकलने वाला गंदा पानी पार्किंग क्षेत्र और सड़कों पर बह रहा है, जिससे सड़कें खराब होने के साथ गंदगी और दुर्गंध की समस्या भी पैदा हो रही है।
इसके अलावा कुछ अवैध भोजनालयों और गुमटियों द्वारा पार्किंग क्षेत्र में ही कचरा फेंके जाने की शिकायत की गई है। इससे जगह-जगह कचरे के ढेर लगने और ट्रांसपोर्ट नगर में आने-जाने वाले वाहन चालकों, परिचालकों और व्यापारियों को परेशानी होने की बात कही गई है।
शराब दुकान और सुरक्षा व्यवस्था पर भी चिंता: संघ ने क्षेत्र में स्थित देशी मदिरा दुकान के कारण असामाजिक तत्वों और नशे में रहने वाले लोगों की आवाजाही बढ़ने की बात कही है। पत्र में वाहन चालकों और परिचालकों के साथ समय-समय पर लूटपाट और चोरी की घटनाएं सामने आने का भी उल्लेख किया गया है। इससे व्यापारियों और वाहन व्यवसायियों में असुरक्षा की भावना और आक्रोश बढ़ने की बात कही गई है।
विशेष सफाई अभियान और अतिक्रमण हटाने की मांग:परिवहन संघ ने विधायक से रावाभाटा ट्रांसपोर्ट नगर में तत्काल विशेष सफाई अभियान चलाने, नाले-नालियों की सफाई कराने, कूड़े-कचरे के ढेर हटाने, अवैध कब्जों और अवैध वाहन सेवा केंद्रों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने तथा पार्किंग क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त कराने का आग्रह किया है। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने की मांग की गई है।
कार्रवाई नहीं हुई तो धरना-प्रदर्शन की चेतावनी
संघ ने पत्र में चेतावनी दी है कि यदि समय रहते समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो परिवहन व्यवसायियों के सामने धरना, प्रदर्शन और विरोध करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचेगा। इसके लिए संबंधित विभाग की जिम्मेदारी होने की बात कही गई है।




