छत्तीसगढ़

केरल में मानसून की दस्तक, छत्तीसगढ़ में प्री-मानसून गतिविधियां तेज; अगले 5 दिनों तक बारिश और अंधड़ का अलर्ट

रायपुर। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने आज केरल में दस्तक दे दी है। इस वर्ष मानसून अपने सामान्य समय से लगभग तीन दिन की देरी से केरल पहुंचा, जहां इसके आगमन के साथ ही कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की जा रही है। वहीं छत्तीसगढ़ में भी मौसम का मिजाज बदलने लगा है और प्रदेशभर में प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हो गई हैं।

मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ के लिए अगले पांच दिनों तक अंधड़, गरज-चमक और बारिश का अलर्ट जारी किया है। गुरुवार से ही प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। राजधानी रायपुर सहित बस्तर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के कई जिलों में मध्यम से भारी बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्री-मानसून गतिविधियों के कारण लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि अधिकतम तापमान में फिलहाल किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है और प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान 40 से 43 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रह सकता है।

बस्तर संभाग में प्री-मानसून आंधी और बारिश का प्रभाव सबसे अधिक देखने को मिल रहा है। छत्तीसगढ़ में मानसून के प्रवेश की सामान्य तिथि 15 जून मानी जाती है। हर वर्ष मानसून सबसे पहले बस्तर क्षेत्र के रास्ते राज्य में प्रवेश करता है और इसके बाद रायपुर, बिलासपुर तथा उत्तर छत्तीसगढ़ के जिलों तक पहुंचता है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने, खुले स्थानों में बिजली कड़कने के समय शरण लेने तथा अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की अपील की है।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search