यशवंतपुर-कोरबा एक्सप्रेस में बम की सूचना से हड़कंप, राजनांदगांव स्टेशन पर भारी पुलिस बल तैनात

राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को यशवंतपुर-कोरबा एक्सप्रेस में बम होने की सूचना से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। मौके पर भारी संख्या में पुलिसकर्मियों के साथ डॉग स्क्वॉड को तैनात किया गया। पुलिस ने एक व्यक्ति को भी हिरासत में लिया है।
प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर खड़ी रही ट्रेन
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यशवंतपुर-कोरबा एक्सप्रेस राजनांदगांव रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर खड़ी थी। बम होने की सूचना मिलने के बाद ट्रेन करीब 45 मिनट तक स्टेशन पर रुकी रही। इस दौरान यात्रियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

डॉग स्क्वॉड से जांच, एक व्यक्ति हिरासत में
बम की सूचना के बाद स्टेशन पर डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच शुरू की गई। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां ट्रेन के साथ स्टेशन परिसर की भी तलाशी ले रही हैं। इस दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति को अपने कब्जे में लिया है। हालांकि, अभी तक उसकी पहचान और इस मामले में उसकी भूमिका को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
फिलहाल ट्रेन में बम मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। शुरुआती जानकारी में बम की सूचना को अफवाह बताया गया है। सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं। जांच पूरी होने और आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए स्टेशन पर पुलिस और सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है।




