स्कूल शिक्षा विभाग में व्याख्याता के 854 पदों पर होगी भर्ती, 29 नवंबर को संभावित परीक्षा

हिंदी, अंग्रेजी और संस्कृत में सबसे ज्यादा 120-120 पद; CGSSB कराएगा लिखित भर्ती परीक्षा
रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के स्कूल शिक्षा विभाग में व्याख्याता के 854 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा स्कूल शिक्षा विभाग में 5 हजार शिक्षकीय पदों पर भर्ती की घोषणा के क्रम में व्याख्याता पदों की भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया जा रहा है।
लोक शिक्षण संचालनालय छत्तीसगढ़ के अनुसार, व्याख्याता के कुल 854 पदों में ई-संवर्ग की शालाओं में 424 पद और टी-संवर्ग की शालाओं में 430 पद भरे जाएंगे।
विषयवार इतने पदों पर होगी भर्ती
- हिंदी: 120 पद
- अंग्रेजी: 120 पद
- संस्कृत: 120 पद
- भौतिकी: 94 पद
- राजनीति शास्त्र: 100 पद
- इतिहास: 100 पद
- भूगोल: 100 पद
- अर्थशास्त्र: 100 पद
इस तरह हिंदी, अंग्रेजी और संस्कृत विषय में सबसे अधिक 120-120 पद निर्धारित किए गए हैं।
शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा की जानकारी विज्ञापन में
व्याख्याता भर्ती के लिए आवश्यक शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य पात्रता शर्तों की विस्तृत जानकारी भर्ती विज्ञापन में दी जाएगी। भर्ती परीक्षा का पाठ्यक्रम छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (CGSSB) की वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जाएगा।विस्तृत भर्ती विज्ञापन व्यापम की वेबसाइट पर जारी किया जाएगा।
29 नवंबर को संभावित है भर्ती परीक्षा
व्याख्याता पदों के लिए लिखित भर्ती परीक्षा का आयोजन छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल (CGSSB) द्वारा किया जाएगा। परीक्षा की संभावित तिथि 29 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है।हालांकि, आवेदन प्रक्रिया की शुरुआत, आवेदन की अंतिम तिथि और अन्य जरूरी जानकारी CGSSB द्वारा अलग से जारी की जाएगी। उम्मीदवारों को आधिकारिक विज्ञापन जारी होने के बाद पात्रता और आवेदन संबंधी सभी शर्तों की जांच करने की सलाह दी गई है।




