छत्तीसगढ़खेल

छत्तीसगढ़ हॉकी लीग पूरे देश के लिए रोल मॉडल : केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया

सीएम विष्णुदेव साय बोले – राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को मिलेगी नई पहचान

रायपुर। राजधानी रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया शामिल हुए। इस दौरान विजेता एवं उपविजेता टीमों सहित उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।

WhatsApp Image 2026 09 22 at 9.10.11 PM

केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने छत्तीसगढ़ हॉकी लीग को पूरे देश के लिए रोल मॉडल बताते हुए कहा कि हॉकी भारत का गौरव है। उन्होंने कहा कि सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति से इस तरह के आयोजन संभव होते हैं। ऐसे आयोजन खेलों के विकास के साथ प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसे अभियानों से देश में खेलों के प्रति सकारात्मक वातावरण बना है। आज युवा खेलों को अपनी प्रतिभा दिखाने और उज्ज्वल भविष्य बनाने के महत्वपूर्ण अवसर के रूप में देख रहे हैं।

बस्तर से सरगुजा तक की प्रतिभाओं को मिला मंच

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ हॉकी लीग प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने का सशक्त माध्यम बनेगी। प्रदेश के गांवों, जनजातीय अंचलों और दूरस्थ क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और उचित अवसर उपलब्ध कराने की है।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में राजधानी रॉयल्स, न्यायधानी नाइट्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, बैलाडीला बुल्स और मैनपाट टाइटंस सहित छह टीमों ने हिस्सा लिया। इस लीग ने बस्तर से सरगुजा और रायगढ़ से राजनांदगांव तक के खिलाड़ियों को एक मंच पर लाकर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर दिया।

हर टीम में शामिल रहे ओलंपिक खिलाड़ी

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतियोगिता की खासियत प्रत्येक टीम में एक-एक ओलंपिक खिलाड़ी की सहभागिता रही। इससे युवा खिलाड़ियों को अनुभवी खिलाड़ियों के साथ खेलने और हॉकी की बारीकियां सीखने का अवसर मिला। ऐसे आयोजन खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ाने और उन्हें बड़ी प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करने में अहम भूमिका निभाते हैं।

लीग का संदेश ‘चलव रे संगी, हॉकी खेलबो’ युवाओं को खेलों से जोड़ने की प्रेरणा बना। प्रतियोगिता के मुकाबलों का प्रसारण जियोहॉटस्टार पर किया गया। हिंदी के साथ छत्तीसगढ़ी भाषा में कमेंट्री ने भी आयोजन को स्थानीय संस्कृति से जोड़ा।

मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन से निखरेगी प्रतिभा

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं की पहचान और उन्हें बेहतर प्रशिक्षण देने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन शुरू किया गया है। इसके माध्यम से गांवों और दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें प्रशिक्षण केंद्रों से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ हॉकी लीग से ऐसे खिलाड़ी निकलेंगे, जो भारतीय हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व कर अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश के लिए पदक जीतेंगे।

मुख्यमंत्री ने लीग के सफल आयोजन के लिए आयोजकों, खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगियों को बधाई दी।

समारोह में उपमुख्यमंत्री अरुण साव एवं विजय शर्मा, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद बृजमोहन अग्रवाल और छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के एंबेसडर सरदार सिंह सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search