RPF स्थापना दिवस का वृहद आयोजन रायपुर में, 9 अक्टूबर को शामिल होंगे केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव

रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर मंडल में 9 अक्टूबर को आरपीएफ स्थापना दिवस-2026 का आयोजन किया जाएगा।कार्यक्रम में केंद्रीय रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम में करीब 1600 RPF जवानों के रायपुर पहुंचने की संभावना है।
रेल मंत्री के दौरे को लेकर स्टेशन पर भी तैयारियां
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के रायपुर दौरे को देखते हुए रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में भी अलग से तैयारियां की जा रही हैं। रायपुर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य को निरीक्षण के लिए तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। स्टेशन के प्रवेश क्षेत्र, सर्कुलेटिंग एरिया, सड़क, नाली, पेवर ब्लॉक, फुटओवर ब्रिज, शौचालय, प्लेटफॉर्म और पानी के बूथों में सुधार से जुड़े कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने की योजना है। इसके अलावा स्टेशन और यार्ड क्षेत्र, पार्किंग तथा संभावित निरीक्षण मार्गों को भी व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए हैं।
कई रेल परियोजनाओं की भी होगी तैयारी
रेल मंत्री के संभावित निरीक्षण को देखते हुए दुर्ग-बिलासपुर और दुर्ग-रायपुर सेक्शन, डीजल शेड और वर्कशॉप को भी तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं। कोचिंग ट्रेनों की क्षमता बढ़ाने, नए कोचिंग टर्मिनल और माल ढुलाई से जुड़ी योजनाओं को भी तैयार रखने को कहा गया है। इस तरह 9 अक्टूबर को रायपुर में होने वाला RPF स्थापना दिवस-2026 रेलवे के लिए महत्वपूर्ण आयोजन होगा, वहीं रेल मंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर रायपुर मंडल में तैयारियां तेज कर दी गई हैं।




