एसईसीएल का 42वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया, CMD हरीश दुहन बोले – राष्ट्र की ऊर्जा सुरक्षा सर्वोपरि, उत्कृष्ट कार्यों के लिए 13 पुरस्कार दिए गए

बिलासपुर। साऊथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) का 42वां स्थापना दिवस 25 नवंबर 2026 को बिलासपुर स्थित कंपनी मुख्यालय में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। दो दिवसीय समारोह के दूसरे दिन आयोजित मुख्य कार्यक्रम में कंपनी के पूर्व अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशकों और पूर्व निदेशकों ने हिस्सा लिया। इस दौरान एसईसीएल की गौरवशाली यात्रा, उपलब्धियों और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा हुई।
समारोह के मुख्य अतिथि एसईसीएल के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक (CMD) हरीश दुहन रहे। कार्यक्रम में निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार, निदेशक (तकनीकी-संचालन) रमेश चंद्र महापात्र और निदेशक (तकनीकी-योजना/परियोजना) नृपेंद्र नाथ उपस्थित रहे।
ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करना सर्वोपरि दायित्व: CMD

अपने संबोधन में सीएमडी हरीश दुहन ने कहा कि एसईसीएल की गौरवशाली यात्रा में पूर्व नेतृत्व और कोयला कर्मवीरों का अमूल्य योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करना कंपनी का सर्वोपरि दायित्व है।
सीएमडी ने अधिकारियों और कर्मचारियों से पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने और देश की बढ़ती ऊर्जा आवश्यकताओं की पूर्ति में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने टीम एसईसीएल की क्षमताओं पर विश्वास जताते हुए सामूहिक प्रयासों से निर्धारित लक्ष्यों को हासिल करने और कंपनी को प्रगति की नई ऊंचाइयों तक ले जाने की बात कही।
पूर्व नेतृत्व ने साझा किए अनुभव
समारोह का प्रमुख आकर्षण ‘ज्ञान साझा सत्र’ रहा। इसमें एसईसीएल के पूर्व अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशकों और पूर्व निदेशकों ने अपने कार्यकाल के अनुभव, संस्थान से जुड़ी यादें और नेतृत्व यात्रा साझा की।इस दौरान कंपनी की विकास यात्रा, चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। खुले संवाद सत्र में अधिकारियों और कर्मचारियों को पूर्व नेतृत्व के अनुभवों एवं मार्गदर्शन से सीखने का अवसर मिला।
कार्यक्रम में पूर्व सीएमडी एम.एन. झा, एम.के. थापर, एम.पी. दीक्षित, ए.के. सिंह, ओम प्रकाश, बी.आर. रेड्डी और प्रेम सागर मिश्रा सहित कई पूर्व वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
माल्यार्पण, ध्वजारोहण और सांस्कृतिक उत्सव
मुख्य समारोह से पहले सीएमडी श्री हरीश दुहन ने निदेशक मंडल और अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ मुख्यालय परिसर स्थित शहीद स्मारक, डॉ. बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमा और श्रमिक प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके बाद ऑडिटोरियम परिसर में ध्वजारोहण, कॉर्पोरेट गीत और आकाश में गुब्बारे छोड़कर स्थापना दिवस का उत्सव मनाया गया। कार्यक्रम में एसईसीएल संचालन समिति, कल्याण बोर्ड, सुरक्षा समिति तथा सिस्टा, कौंसिल और ओबीसी एसोसिएशन के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
CMD अवॉर्ड्स नाइट में 13 पुरस्कार
स्थापना दिवस समारोह के तहत शाम को वसंत विहार खेल मैदान में ‘सीएमडी अवॉर्ड्स नाइट’ आयोजित की गई। इसमें विभिन्न क्षेत्रों, विभागों और अधिकारियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन एवं विशेष योगदान के लिए कुल 13 पुरस्कार प्रदान किए गए।
पुरस्कारों में स्वच्छता पखवाड़ा 2026, विशेष अभियान 6.0, सर्वश्रेष्ठ क्षेत्रीय महाप्रबंधक, सर्वश्रेष्ठ विभागाध्यक्ष, व्यक्तिगत उत्कृष्टता और विशेष योगदान पुरस्कार शामिल रहे।
सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए श्रद्धा महिला मंडल को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।एसईसीएल के 42वें स्थापना दिवस समारोह ने कंपनी की उपलब्धियों, पूर्व नेतृत्व के अनुभवों और भविष्य के लक्ष्यों को साझा करने का अवसर प्रदान किया।




