Teachers Attendance: ऑनलाइन हाजिरी सिस्टम पटरी पर, छत्तीसगढ़ में 1 लाख से ज्यादा शिक्षकों ने दर्ज की उपस्थिति

शिक्षा सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह का सख्त संदेश—केवल शिक्षक नहीं, विभाग के सभी अधिकारी-कर्मचारियों के लिए ऑनलाइन अटेंडेंस अनिवार्य
रायपुर – छत्तीसगढ़ में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा लागू किए गए ऑनलाइन उपस्थिति सिस्टम ने महज दो दिनों में रफ्तार पकड़ ली है। बुधवार को प्रदेश में ऑनलाइन हाजिरी दर्ज करने वाले शिक्षकों की संख्या एक लाख के आंकड़े को पार कर गई। दुर्ग, बलौदाबाजार, रायगढ़ और जीपीएम जिलों में शिक्षकों की शत-प्रतिशत ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज की गई है।
स्कूल शिक्षा विभाग ने 16 जून से नए शिक्षा सत्र के साथ ऑनलाइन अटेंडेंस और ऑनलाइन अवकाश आवेदन प्रणाली को अनिवार्य कर दिया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आदेश का पालन नहीं करने पर वेतन रोकने जैसी कार्रवाई की जा सकती है।
इस बीच शिक्षा सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह ने स्पष्ट किया है कि ऑनलाइन उपस्थिति की व्यवस्था केवल शिक्षकों तक सीमित नहीं है। शिक्षा विभाग के सभी अधिकारी और कर्मचारी भी ऑनलाइन अटेंडेंस दर्ज करेंगे तथा छुट्टी के आवेदन भी ऑनलाइन माध्यम से ही प्रस्तुत करेंगे।
विभाग लगातार उन जिलों की निगरानी कर रहा है जहां ऑनलाइन उपस्थिति का प्रतिशत अपेक्षाकृत कम है। वर्तमान में गरियाबंद एकमात्र जिला है जहां एक हजार से अधिक शिक्षक अभी भी ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं कर पाए हैं। वहीं रायपुर सहित अधिकांश जिलों में यह संख्या एक हजार से नीचे पहुंच चुकी है। कवर्धा समेत कई जिले शत-प्रतिशत उपस्थिति के बेहद करीब हैं।
शिक्षा सचिव ने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया है कि ऑनलाइन सिस्टम को पूरी गंभीरता से लागू किया जाए, ताकि उपस्थिति और अवकाश प्रबंधन में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित हो सके।




