छत्तीसगढ़

बिजली बिल बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल, बिजली कार्यालय का घेराव, स्मार्ट मीटर तोड़कर जताया विरोध

रायपुर – बिजली दरों में हालिया वृद्धि और बढ़ती महंगाई के विरोध में बुधवार को रायपुर में कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर शहर एवं ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी ने डगनिया स्थित बिजली विभाग कार्यालय का घेराव कर भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बिजली दरों में बढ़ोतरी, पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों को लेकर सरकार को घेरा। विरोध प्रदर्शन के बीच कार्यकर्ताओं ने स्मार्ट मीटर के खिलाफ अपना आक्रोश जताते हुए प्रतीकात्मक रूप से मीटर तोड़ा और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का पुतला दहन किया।

शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लगातार आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि बिजली दरों में वृद्धि से घरेलू उपभोक्ताओं, व्यापारियों और किसानों पर अतिरिक्त भार पड़ेगा, जबकि महंगाई पहले से ही लोगों का बजट बिगाड़ चुकी है।

ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र पप्पू बंजारे ने कहा कि कृषि बिजली दरों में वृद्धि से किसानों की लागत और बढ़ेगी। वहीं पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा ने सरकार पर महंगाई नियंत्रित करने में विफल रहने का आरोप लगाया।

पूर्व महापौर प्रमोद दुबे और पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने भी बिजली दर वृद्धि को जनविरोधी बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की।

कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि बिजली दरों में बढ़ोतरी वापस नहीं ली गई और महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया, तो पार्टी का आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।

cropped cg bulletin favicon
CG Bulletin Desk1

Show More

Related Articles

Back to top button
Home
Chhattisgarh
Search