जगदलपुर में 26वीं मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक शुरू, अमित शाह कर रहे अध्यक्षता,बैठक में 4 राज्यों के सीएम शामिल

जगदलपुर। 26वीं मध्य क्षेत्रीय परिषद की बैठक शुरू आज जगदलपुर में शुरू हो गई है। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय गृह मंत्री Amit Shah कर रहे हैं। इस महत्वपूर्ण बैठक में उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री सहित चारों राज्यों के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी शामिल हुए हैं।
इसके पहले बैठक में शामिल होने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath सुबह जगदलपुर पहुंचे, जहां एयरपोर्ट पर भाजपा पदाधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। परिषद की बैठक में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री Mohan Yadav और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री Pushkar Singh Dhami भी मौजूद हैं।
बैठक में चारों राज्यों के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक (DGP) और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए हैं। परिषद के दौरान राज्यों के बीच प्रशासनिक समन्वय को मजबूत करने, आंतरिक सुरक्षा, कानून व्यवस्था, सड़क एवं परिवहन, बिजली, जल संसाधन, वन क्षेत्र और विकास से जुड़े विभिन्न नीतिगत मुद्दों पर चर्चा की जा रही है।
सूत्रों के मुताबिक बैठक में नक्सल मुक्त जिलों में विकास तेज करने, खुफिया समन्वय बढ़ाने तथा विकास कार्यों में तेजी लाने को लेकर भी विशेष चर्चा होगी। बस्तर में आयोजित यह बैठक राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से बेहद अहम मानी जा रही है। बैठक के बाद कई महत्वपूर्ण फैसलों और संयुक्त रणनीतियों की घोषणा होने की संभावना भी जताई जा रही है।




