खैरागढ़ में 17 लाख की इनामी महिला नक्सली कमला सोढ़ी उर्फ़ तरुणा ने किया आत्मसमर्पण

खैरागढ़। छत्तीसगढ़ में नक्सल मोर्चे पर सुरक्षा बलों को लगातार बड़ी सफलता मिली है। इस कड़ी में 17 लाख रुपए की इनामी महिला नक्सली कमला सोढ़ी उर्फ़ तरुणा ने आत्मसमर्पण कर दिया है। कमला सोढ़ी वर्ष 2011 से नक्सली संगठन में सक्रिय थी और प्रतिबंधित संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के माड़ डिवीजन के एमएमसी जोन (मध्य प्रदेश–महाराष्ट्र–छत्तीसगढ़) से जुड़ी हुई थी।
वह अरलम पल्ली, कोंटा दोरनापाल, जिला सुकमा की रहने वाली है। लंबे समय से पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के लिए सिरदर्द बनी कमला सोढ़ी पर राज्य सरकार ने ₹17 लाख का इनाम घोषित किया था।
आईजी अभिषेक शांडिल्य ने पत्रकार वार्ता के जरिए कर इस आत्मसमर्पण की जानकारी दी। आत्मसमर्पण के बाद कमला सोड़ी को छत्तीसगढ़ शासन की नीति के तहत ₹50,000 की प्रोत्साहन राशि तत्काल प्रदान की गई। साथ ही पुनर्वास नीति-2025 के अंतर्गत अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि यह आत्मसमर्पण शासन की नीतियों और सुरक्षा बलों की निरंतर कोशिशों का नतीजा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि कमला सोरी का यह कदम उन अन्य नक्सलियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगा जो अभी भी जंगलों में सक्रिय है।




