
जगदलपुर। बस्तर से नक्सल मोर्चे पर एक बड़े घटनाक्रम की जानकारी सामने आई है। MMC ज़ोन के नक्सली 1 जनवरी को सामूहिक आत्मसमर्पण करने की तैयारी में हैं। संगठन के प्रवक्ता अनंत ने पत्र के जरिए एक बयान जारी कर सभी नक्सलियों से अपील की है कि वे अलग-अलग या छोटे समूह में नहीं, बल्कि पूरी ताकत के साथ एक ही दिन सरेंडर करें।
प्रवक्ता अनंत द्वारा जारी पत्र के अनुसारनक्सलियों के बीच आपसी तालमेल और संपर्क बनाए रखने के लिए एक नंबर भी साझा किया गया है। बयान में कहा गया है कि कई वर्षों से संगठन के भीतर मतभेद और असंतोष बढ़ते जा रहे हैं, जिसके कारण कार्यकर्ताओं में मुख्यधारा में लौटने की इच्छा तेजी से बढ़ी है। अनंत ने कहा है कि नक्सल संगठन अब यह देखेगा कि कौन-सी सरकार और प्रशासन उन्हें ज्यादा तवज्जो, भरोसा और सम्मान देता है, और उसी सरकार के साथ जाने का निर्णय लिया जाएगा।
सरेंडर की संभावित प्रक्रिया के लिए जगदलपुर, दंतेवाड़ा और सुकमा क्षेत्र को मुख्य केंद्र माना जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां भी इस घटनाक्रम पर पैनी नजर बनाए हुए हैं। यदि यह सामूहिक आत्मसमर्पण होता है तो यह बस्तर क्षेत्र में नक्सली आंदोलन के इतिहास का सबसे बड़ा सरेंडर अभियान साबित हो सकता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस सरेंडर के बाद क्षेत्र में हिंसा, जबरन भर्ती और आर्थिक वसूली पर बड़ा असर पड़ेगा, वहीं पुनर्वास और शांति स्थापना की प्रक्रिया और भी तेज हो सकती है। यह कदम बस्तर में शांति बहाली के लिए निर्णायक मोड़ साबित हो सकता है।



