
रायगढ़/रायपुर। रायगढ़ जिले के पुसौर नगर पंचायत में भाजपा के 8 पार्षदों के सामूहिक इस्तीफे के बाद स्थानीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है। पार्षदों ने नगर पंचायत अध्यक्ष की कार्यप्रणाली और वार्डों में विकास कार्य नहीं होने को लेकर नाराजगी जताते हुए भाजपा की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने का आवेदन जिला भाजपा अध्यक्ष अरुणधर दीवान को सौंपा है।
वहीं बीजेपी पार्षदों के इस्तीफे पर मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि इस्तीफा देना सामान्य बात है, उन्होंने इसे सामान्य राजनीतिक घटनाक्रम बताया। उन्होंने कहा कि राजनीति में अलग-अलग परिस्थितियों और कारणों के चलते लोग इस्तीफा देते रहते हैं।
भूपेश बघेल के ‘आशीर्वाद का दीया’ सवाल पर भी पलटवार
‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के खर्च को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की ओर से उठाए गए सवालों पर भी मंत्री जायसवाल ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि “एक-एक दीए का जवाब दिया जाएगा।” उन्होंने कहा कि जनता इन सवालों का जवाब देगी और 2028 के विधानसभा चुनाव में इसका जवाब मिलने की बात कही।
सरगुजा की 14 सीटों पर कांग्रेस के दावे पर तंज
कांग्रेस की ओर से सरगुजा संभाग की 14 विधानसभा सीटों पर वापसी के दावे को लेकर भी मंत्री जायसवाल ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सपने देख सकती है। उन्होंने दावा किया कि सरगुजा में कांग्रेस लगातार तीसरी बार शून्य सीटों पर रहेगी। यह मंत्री जायसवाल का राजनीतिक दावा है।



